मुंबई: मुंबई में स्वाभिमान यूनियन से जुड़े ऑटोरिक्शा और टैक्सी चालकों ने अपनी मांगों को लेकर आज सुबह से एक दिवसीय हड़ताल शुरू की जिसके कारण महानगर में यात्रियों को भीषण मुश्किल का सामना करना पड़ा।
स्वाभिमान यूनियन ने दावा किया है कि 18,000 ऑटोरिक्शा मालिक और 12,000 टैक्सी मालिक इसके सदस्य हैं। स्वाभिमान यूनियन की मुंबई इकाई के अध्यक्ष के. के. तिवारी ने कहा, दिन भर चलने वाली हड़ताल शाम पांच बजे खत्म होगी। यह राज्य सरकार को एक चेतावनी है और यदि हमारी मांगें नहीं मानी जाती हैं तब यूनियन व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर हो जाएगी।
इससे पहले यूनियन ने नौ जून को महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त के साथ राज्य परिवहन मंत्री दिवाकर राउत और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखकर उबर, ओला, मेरू प्लस इत्यादि जैसे मोबाइल एप्लिकेशन आधारित कैब के चलने पर रोक की मांग की थी। यूनियन ने पत्र में यह भी कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाती तो वे 15 जून से हड़ताल पर चले जाएंगे।
तिवारी ने कहा, हमें ऑटोरिक्शा और टैक्सी मालिकों से भी सहयोग मिला है जो हमारे सदस्य नहीं हैं क्योंकि हमने ऐसी मांग उठाई है जो उनकी आवश्यकताओं की भी पूर्ति करती है।
दिलचस्प बात यह है कि ए. एल. क्वाद्रोस की अगुवाई वाली, शहर की सबसे बड़ी टैक्सी मालिकों की यूनियन ने इस हड़ताल का समर्थन नहीं किया।शशांक राव की अगुवाई वाली शहर की सबसे बड़ी ऑटो यूनियन ने कहा कि वह 17 जून से हड़ताल पर जाएगी।
Latest India News