विकाराबाद (तेलंगाना): तेलंगाना के विकाराबाद जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मार्पल्ली मंडल के तिम्मापुर में नव विवाहित दंपति परिजनों के साथ पानी के तेज बहाव में बह गए। हालांकि दूल्हा किसी तरह बचकर बाहर निकल गया। एक कार में नव विवाहित दंपत्ति दूल्हा नवाज रेड्डी और दुल्हन प्रवलिका, दूल्हे की दो बहनें श्रुति, राधम्मा, बहन का एक बेटा ईशांत और ड्राइवर राघवेन्द्र रेड्डी सवार थे। ये सभी रविवार शाम को कार में मोमिनपेट से रावुला पल्ली जा रहे थे।
बता दें कि 26 अगस्त को ही को रावुलापल्ली का रहने वाला नवाज रेड्डी का मोमिनपेट की रहने वाली प्रवलिका का विवाह हुआ था। शादी के एक कार्यक्रम के हिस्से के अनुसार रविवार को नव दंपति दुल्हन के घर मोमिनपेट आए थे और इसके बाद वे लोग शाम को दूल्हे के घर रावुलापल्ली लौट रहे थे। लौटते समय ही तिम्मापुर नहर में यह हादसा हो गया।
इलाके के डीएसपी संजीव राव ने कहा कि कार में जाते समय तिम्मापुर इलाके में भारी बारिश की वजह से तालाब का किनारा टूट गया था। सड़क के 2 मीटर ऊपर से पानी बह रहा था और ड्राइवर पानी के इस तेज बहाव को समझ नहीं पाया। कार यात्रियों के साथ नहर में बह गई जिसमें से दो लोग किसी तरह बच कर बाहर निकल पाए लेकिन चार लोग कार के साथ बह गए जो कि अभी भी लापता हैं। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर कार मिली लेकिन कार के अंदर कोई नहीं मिला। जो इस तेज बहाव से बचकर बाहर निकल पाए थे, उनमें दूल्हा नवाज और उसकी बहन राधम्मा है, जो कार से बाहर कूदकर लोगों की मदद से किनारे तक पहुंचने में सफल हो पाए थे।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर दुल्हन प्रवलिका, दूल्हा नवाज की छोटी बहन श्रुति और ड्राइवर राघवेंद्र का शव बरामाद हुआ। दूल्हे की बहन का बेटा ईशांत अभी भी लापता है जिसकी तलाश जारी है।
Latest India News