नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में सोमावार को तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया जबकि राजस्थान में चुरू 48.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। इस बीच दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले दो दिन में केरल पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले दो दिन में आने की पूरी संभावना बन रही है।
राजस्थान में चुरू के बाद श्रीगंगानगर में तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीकानेर में 47.3, जैसलमेर में 47, बाड़मेर में 46.2, जोधपुर में 46, अजमेर में 45.6 और जयपुर में 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली वासियों के दिनभर गर्मी की तपिश झेलने के बाद शाम को धूलभरी आंधी के साथ बूंदा बांदी होने से तापमान में 2.3 डिग्री की गिरावट हुई। यहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में, हिसार 44.7 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा जबकि लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़ में तामपान क्रमश: 42.1, 42, 38.2, 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Latest India News