मुंबई: मुंबई से सटे ठाणे में सनसनीखेज वारदात हुई है। सिरफिरे शख्स ने अपने ही परिवार के 14 लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हसनैन वारेकर नाम के शख्स ने अपनी पत्नी बच्चों पिता समेत सभी बहनों को मौत के घाट उतारकर फांसी पर लटककर खुदकुशी कर ली। मासूमों से लेकर अपने बुज़र्ग पिता और बहनों की हत्या करते वक्त इस शख्स के हाथ तक नहीं कांपे। बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे वजह प्रॉपर्टी है।
क़ातिल शख्स का नाम मोहम्मद हसनैन वारेकर है। करीब 35 साल के हसनैन ने देर रात अपने परिवार के 14 लोगों का एक-एक कर कत्ल किया और उसके बाद फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली।
'चार्टर्ड एकाउंटेंट' ने 14 को चॉपर से काट डाला
बताया जा रहा है कि हसनैन ने शनिवार की रात दावत का आयोजन किया इसमें उसने अपनी बहनों को बुलाया। सभी बहने अपने बच्चों के साथ घर आई। उसके बाद उसने सबको खाना खिलाया और रात डेढ़ से दो बजे के बीच उसने सबको चॉपर से काटकर मौत के घाट उतार दिया। मारे गए लोगों में 7 बच्चे , 6 महिलाएं और हसनैन के बुजुर्ग पिता शामिल है।
हसनैन ने जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया वो पूरी प्लानिंग का नतीजा था क्योंकि खाने के बाद जब सब सो गए तब हसनन ने एक एक करके सबको मौत के घाट उतार दिया। रात डेढ़ बजे के करीब उसके घर से चीखने चिल्लाने की आवाज आई जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों की नींद खुली। लोगों ने देखा कि उसकी एक बहन जो जिंदा थी वो खिड़की से बचाने की गुहार लगा रही थी और उसके गले में गहरा जख्म था।
जायदाद की जंग का सबसे खौफनाक अंजाम
मौके पर मौजूद लोग खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो देखा कि चारो तरफ खून ही खून बिखरा हुआ है। शक ये है कि खाने में बेहोशी की दवा मिलाई गई होगी। हसनैन वारेकर ने अपनी पत्नी, बच्चों और पिता समेत सभी बहनों को मौत के घाट उतारकर फांसी पर लटककर खुदकुशी कर ली। आरोपी हसनैन ने अपने दुधमुंहे बच्चे को भी नहीं छोड़ा।
प्रॉपर्टी के लिए पूरे परिवार का क़त्ल
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे वजह प्रॉपर्टी है। हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है जिसके बाद ही ये साफ हो पाएगी कि इस कत्लेआम के पीछे असल वजह क्या है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया है। घर में मिले खाने को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है लेकिन इलाके में हुई इस सनसनीखेज़ वरदात से किसी को भी यकीन नहीं हो रहा है कि परिवार के इकलौते वारिस पर इस कदर खूनी सनक भी सवार हो सकती है।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-
Latest India News