नई दिल्ली: उम्मीदों के शिखर पर सवार हो सत्ता में आई आम आदमी पार्टी सरकार के पहले बजट को थैंक्स गिविंग (धन्यवाद देने वाला) बजट कहा जा सकता है। केजरीवाल सरकार में उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया, अपने बजट 'भाषण' में केंद्र सरकार पर निशाना साधते और बजट 'आवंटन' में उन मतदाताओं पर केंद्रित दिखे जिनके बलबूते उनकी सरकार ने प्रचंड बुहमत हासिल किया। मसलन पिछले बजट की तुलना में शिक्षा क्षेत्र के लिए 106 फीसदी और स्वास्थ्य के लिए 45 फीसदी ज्यादा बजट का आवंटन किया गया। वहीं दूसरी ओर ई रिक्शा के लिए 15000 रुपए सब्सिडी और सभी कॉलेजो को फ्री वाई फाई सुविधा मुहैया कराने की घोषणा।
ऐसे स्वस्थ होगी दिल्ली
- इस साल दिल्ली में 110 नई एंबुलेंस खरीदी जाएंगी।
- 42 प्राइवेट अस्पतालों में ऑनलाइन बैड बुक करने की सुविधा मिलेगी।
- 1000 मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। 500 क्लीनिक इसी साल खुलेंगे।
- अगले दो साल में 11 मौजूदा अस्पतालों का विस्तार होगा।
- इसके लिए 125 करोड़ का प्रावधान।
पढ़ेगी दिल्ली-बढ़ेगी दिल्ली
- स्कूलों में 20 हजार नए शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
- 236 नए स्कूल खोले जाएंगे।
- 83 इमारतें तैयार की जाएंगी।
- फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों को स्किल्ड बनाने के लिए सरकार इंडस्ट्री के साथ मिलकर 1 लाख ऑन जॉब ट्रेनिंग देगी।
- दिल्ली के कॉलेजों में स्किल डेवलपमेंट के कोर्स शुरू किए जाएंगे।
ऑफिस आना होगा आसान
- बजट में सरकार ने 1000 नई बसें डीटीसी के बेड़े में शामिल करने की घोषणा की।
- अगले कुछ वर्षों में 1380 सेमी लो-फ्लोर, 500 मिनी बस और 1000 क्लस्टर बसें खरीदेगी।
- यात्री सुरक्षा के लिए सभी डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
- मेट्रो सेवा में विस्तार के लिए 3 नए फेज शुरू किए जाएंगे।
- इसके अलावा 300 नई मेट्रो फीडर बसें शुरू की जाएंगी।
- 5500 ऑटो को एनसीआर परमिट दिए जाएंगे।
...खाना-पीना और मनोरंजन महंगा
सरकार ने मनोरंजन कर 20 से बढ़ाकर 40 फीसदी कर दिया गया है। अब डीटीएच उपभोक्ताओं को 40 फीसदी का शुल्क देना होगा। इसके अलावा होटलों और रेस्टोरेंट में लक्जरी टैक्स की दर को भी 10 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया है। इसके अलावा शराब ठेके का लाइसेंस शुल्क 2,50,000 लाख से 4,00,000 रुपए किया जाएगा।
महंगाई का है खतरा
बजट में सरकार ने किसी प्रकार का नया कर भले न लगाया हो लेकिन दिल्ली बाहर से आने वाले मालवाहक वाहनों पर शुल्क लगा दिया है। यह शुल्क 100 रुपए से लेकर 1500 रुपए तक होगा। ऐसे में दिल्ली के बाहर से आने वाले फल, सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुएं महंगी होती दिखेंगी।
भारी भरकम आंकड़े पढ़ने हैं तो...
2015-16 के लिए 41,129 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। यह राशि पिछले बजट के मुकाबले 18 फीसदी ज्यादा है। बजट में 19,000 करोड़ रुपए योजना व्यय के लिए और 22,129 करोड़ रुपए गैर योजना व्यय के रूप में प्रस्तावित किए गए हैं। इस बजट में बिजली और पानी की सब्सिडी के लिए बजट में 1690 करोड़ रुपये तय किए हैं। इसके अलावा सिसोदिया ने 253 करोड़ रुपये में स्वराज फंड स्थापित का ऐलान किया। बजट में सरकार ने दिल्ली नगर निगम के लिए 5,908 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए हैं। 4,993 करोड़ रुपये केंद्र को कर्ज वापसी के तौर पर दिए जाएंगे।
Latest India News