1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जबर गर्मी: तेलंगाना में अब तक 260 मौत, राजस्थान में पारा @48

जबर गर्मी: तेलंगाना में अब तक 260 मौत, राजस्थान में पारा @48

देशभर में जारी भीषण गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेलंगाना में मौत का आंकड़ा 260 तक पहुंच चुका है और राजस्थान में भी पारा 48 डिग्री सेल्सियस के साथ लोगों को तपा रहा है।

SUMMER- India TV Hindi
SUMMER

नई दिल्ली: देशभर में जारी भीषण गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेलंगाना में मौत का आंकड़ा 260 तक पहुंच चुका है और राजस्थान में भी पारा 48 डिग्री सेल्सियस के साथ लोगों को तपा रहा है। यूपी में कुछ जगह हुई हल्की फुल्की बारिश ने लोगों को राहत की सांस दी है। वहीं हिमाचल में भी पारे का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, हालांकि मौसम विभाग ने जल्द बारिश की संभावना जताई है। जानिए आज दिन भर में कैसे रहा देश में गर्मी का हाल।   

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी, फलौदी में पारा 48 पहुंचा

राजस्थान के जोधपुर जिले के फलौदी कस्बे में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है। यहां भीषण गर्मी के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। फलौदी के स्थानीय वेदशाला के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले गर्मियों में फलौदी में अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में पड रही भीषण गर्मी के चलते आमजन जीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सैल्सियस, बीकानेर में 45.4 डिग्री सैल्सियस, चुरू में 44.8 डिग्री सैल्सियस, जैसलमेर में 44.7 डिग्री सैल्सियस, बाडमेर में 44.4 डिग्री सैल्सियस, कोटा में 44.1 डिग्री सैल्सियस, राजधानी जयपुर में 42.9 डिग्री सैल्सियस और अजमेर में 42.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी भागों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।

तेलंगाना में लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 260 हुई

इस साल गर्मी की शुरूआत से अब तब तेलंगाना में लू की वजह से 260 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पिछले कुछ दिन से राजधानी सहित राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की फुल्की बारिश हो रही है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा, रविवार और सोमवार को ऐसी कोई (मौत) खबर नहीं आई, शनिवार (सात मई) तक यह आंकड़ा 260 था। नलगोंडा जिले से सबसे ज्यादा 80 लोगों के मारे जाने की खबर है। हैदराबाद और राज्य के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिन से हल्की फुल्की बारिश हो रही है, जिससे भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। पिछले कुछ दिन में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं ने कई जगहों पर पेड़ उखाड़ दिए। भारतीय मौसम विभाग ने तेलंगाना में अगले दो दिन में तूफान के साथ ओला गिरने की चेतावनी देते हुए कहा कि आदिलाबाद, निजामाबाद, करीमनगर, वारंगल, नलकोंडा, मेडक, महबूबनगर, रंगारेड्डी, हैदराबाद और खम्माम में आज और कल दूरदराज के इलाकों में गरज के साथ तूफान, आंधी या ओलावृष्टि होने की पूरी आशंका है।

हिमाचल में पारा बढ़ा, जल्द बारिश की संभावना

हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में सोमवार को तापमान फिर बढ़ता दिखाई दिया। राज्य के कुछ इलाकों में दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। लेकिन, मौसम विभाग के अधिकारियों ने जल्द ही बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "11 से 14 मई के बीच क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।"

ऊना 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला में यह 28.8 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 24.6 डिग्री सेल्सियस और नाहन में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारकंडा, कुफरी, मनाली, पालमपुर, चंबा और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों में भी मौसम गर्म रहा।

Latest India News