1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कुपवाड़ा में सैन्य शिविर पर हमला, तीन आतंकवादी ढेर

कुपवाड़ा में सैन्य शिविर पर हमला, तीन आतंकवादी ढेर

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना के शिविर पर कुछ आतंकवादियों ने आज हमला किया जिसके बाद सुरक्षाबलों के साथ हुई मठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये।

Kupwara- India TV Hindi
Kupwara

श्रीनगर: उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना के एक शिविर पर आज संदिग्ध तौर पर पाकिस्तान से आये आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भारी हथियारों से लैस तीन आतंकियों को मार गिराया। आतंकवादियों के पास से हथियारों और गोला बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। उनके पास से पाकिस्तानी चिन्हों वाली दवायें भी मिली हैं। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने सुबह करीब पांच बजे कुपवाड़ा जिले के लंगाते में सैन्य शिविर पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सतर्क भारतीय जवानों ने माकूल जवाब दिया। हमले को नाकाम करने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी।

अभियान के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव सारंग ने बताया कि शिविर के पास संदिग्ध गतिविधि देखकर जवानों ने तीन आतंकवादियों को चुनौती दी। लंगाते में कर्नल सारंग ने संवाददाताओं को बताया, हमारे शिविर के पास तीन आतंकवादी देखे गये। हमारे सैनिकों ने आतंकवादियों को चुनौती दी, जिसके बाद उन्होंने हमारी सैन्य चौकियों पर भारी गोलीबारी शुरू दी। हमने भी उनका जवाब दिया और एक त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया गया ताकि आतंकवादी जिस इलाके में देखे गये थे, वहां से भाग ना सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में सभी तीन आतंकवादी मारे गये।

कर्नल सारंग ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मारे गये आतंकियों के पास से हथियारों और गोला-बारूद का भारी जखीरा बरामद किया है। उन्होंने कहा, तीनों आतंकवादियों के पास से जो दवाइयां बरामद की गयी है उन पर पाकिस्तानी चिन्ह हैं। इससे पता चलता है कि सभी तीनों आतंकवादी पाकिस्तानी थे। वे जिन मानचित्रों और मैट्रिक्स शीट का इस्तेमाल कर रहे थे, उनका विश्लेषण किया जा रहा है। अगर हमको इससे कुछ और जानकारी मिलती है तो हम आपको सूचित करेंगे। जब सैन्य अधिकारी से पूछा गया कि क्या और आतंकवादी हो सकते हैं तो उन्होंने कहा कि ऐसा संभव है लेकिन हम लोगों ने सिर्फ तीन आतंकियों को देखा था, तो हम यह मानकर चल रहे हैं कि शिविर के निकट इतने ही आतंकी आये थे।

उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सारंग ने बताया, अभियान के बारे में और जानकारी उपलब्ध होने पर हम उन्हें साझा करेंगे। आतंकियों के पास से चार रेडियो सेट की बरामदगी के बारे में पूछे जाने पर सैन्य अधिकारी ने कहा, कई बार आतंकी एक से अधिक सेट रखते हैं, इसीलिए हमें तीन आतंकियों के पास से चार रेडियो सेट मिले हैं और तीन जीपीएस उपकरण प्राप्त हुए हैं।

Latest India News