नई दिल्ली: रमजान के पाक महीने के दौरान बीते शुक्रवार को आतंक और दहशत ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया। महज चंद घंटों में फ्रांस (यूरोप), कुवैत (एशिया) और ट्यूनीशिया (अफ्रीका) के 67 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इन आतंकी हमलों में कई और लोग बुरी तरह जख्मी भी हुए हैं। मौत का यह सिलसिला फ्रांस की एक फैक्ट्री से शुरू हुआ जहां IS के लड़ाकों ने एक नागरिक का सिर धड़ से अलग कर वहां IS का झंडा फहरा दिया, हालांकि एक लड़ाके को गिरफ्तार भी कर लिया गया। इसके बाद कुवैत और ट्यूनीशिया में भी मौतों का सिलसिला जारी रहा।
फ्रांस में हमला-
फ्रांस के दक्षिणी पूर्वी हिस्से में ग्रेनोबल के पास स्थित गैस और कैमिकल प्रोडक्ट्स का उत्पादन करने वाली एक फैक्ट्री में ISIS ने हमला किया। इस हमले के दौरान एक फ्रांसीसी नागरिक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक हमलावर कई धमाके कर दीवार को गिराकर भीतर घुस आए थे। एक व्यक्ति जो यह कह रहा था कि वो ISIS का सदस्य है उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मीडिया रिपोर्टो के मुताबिक फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इसे आतंकवादी घटना करार दिया। गौरतलब है कि हाल ही में शार्ली एब्दो मैग्जीन के दफ्तर में हुए IS के हमलों के पूरा फ्रांस दहल गया था। इस हमले में 12 लोग मारे गए थे।
ट्यूनीशिया के पर्यटन स्थल पर मौत का तांडव-
ट्यूनीशिया के समुद्र तट पर मस्ती कर रहे युवकों के लिए बीता दिन काफी मनहूस रहा। एक आतंकी संगठन ने यहां हमला कर करीब 37 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। दिलचस्प बात यह है कि ट्यूनीशियाई रिसोर्ट में हुआ यह हमला ठीक उसी वक्त हुआ जब जब कुवैत में शिया मस्जिद पर बमबारी हो रही थी और फ्रांस में एक अमेरिकी मालिकाना फैक्ट्री पर आतंकी अपना कहर बरपा रहे थे।
नमाज के दौरान कुवैत में शिया मस्जिद पर हमला-
कुवैत की राजधानी में स्थित सबसे बड़ी शिया मस्जिद में उस वक्त बड़ा हमला हुआ जब लोग जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। नमाज के दौरान मस्जिद में 2000 लोग मौजूद थे। इस हमले में 25 लोगों के मरने के साथ साथ करीब 200 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं।
Latest India News