1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली हुई बारिश से लबालब, बिहार में बौछार के आसार

दिल्ली हुई बारिश से लबालब, बिहार में बौछार के आसार

दिल्ली में आज सुबह बारिश हुई जिसकी वजह से शहर के विभिन्न हिस्सों में जल जमाव हो गया। बिहार के आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हल्के बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है।

rain shower in delhi and bihar.- India TV Hindi
rain shower in delhi and bihar.

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह बारिश हुई जिसकी वजह से शहर के विभिन्न हिस्सों में जल जमाव हो गया। रातभर तेज हवाएं चलीं और रुक-रुक कर बारिश भी होती रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 8:30 बजे तक 4.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस अवधि में लोधी रोड में 9.5 मिलीमीटर, पालम में 9.5 मिलीमीटर, रिज में 5.8 मिलीमीटर तथा आयानगर में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश होने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। बिहार के आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हल्के बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है।

अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री कम, 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कुछ इलाकों में जल जमाव होने के बाद यातायात प्रभावित होने की खबरें भी हैं।

मौसम अधिकारी ने बताया कि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। दिन में हल्की बारिश हो सकती है और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

रविवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कल शाम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आने वाली करीब 40 उड़ानों को राष्ट्रीय राजधानी में मौसम खराब होने की वजह से पास के अन्य हवाईअड्डों की ओर मोड़ दिया गया।

UP में तेज धूप, उमस में इजाफा

लखनऊ सहित राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही तेज धूप खिली हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान में दो डिग्री सेल्सयस तक की वृद्घि दर्ज की जाएगी। आने वाले दिनों में उमस में और इजाफा होने के असार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अलावा सोमवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री, कानपुर का 24.4 डिग्री, गोरखपुर का 25.4 डिग्री, इलाहाबाद का 26 डिग्री और झांसी का 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में बारिश के आसार

बिहार के आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हल्के बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद जताई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राजधानी पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

इसके अलावा सोमवार को गया का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 33.7 डिग्री सेल्सियस और गया का 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Latest India News