ऑपरेशन ब्लूस्टार की बरसी पर आज अमृतसर और पंजाब के कई अन्य हिस्सों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला में काफी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया है और ये शहर छावनी की तरह लग रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लोगों से बरसी को संयत और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का अनुरोध किया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार यहां आईटीबीपी, सीआरपीएफ, आरएएफ सहित अन्य अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियां और राज्य पुलिस के कर्मी तैनात किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की छह कंपनियां अमृतसर में तैनात की गयी हैं, जबकि शेष को लुधियाना, जालंधर और पटियाला में तैनात किया जाएगा।
पुलिस ने ब्लूस्टार की 32वीं बरसी पर किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिेए कई स्थानों से शिअद (अमृतसर) और दमदमी टकसाल के सदस्यों को हिरासत में लिया है। एहतियातन गिरफ़्तारी को देखते हुए कई कार्यकर्ता भूमिगत हो गए हैं। इस बीच अमृतसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके और कानून-व्यवस्था भंग करने के असामाजिक तत्वों के प्रयास विफल किए जा सकें। अमृतसर के पुलिस आयुक्त ए़ एस़ चहल ने कहा, हम किसी को शहर में शांति और सौहार्द भंग नहीं करने देंगे।
कुछ कटटरपंथी संगठनों ने अमृतसर बंद का आहवान किया है, लेकिन चहल का कहना है कि किसी को जबरन दुकानें बंद कराने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा, हम किसी को भी जबरन दुकानें बंद कराने और तलवार लहराने की अनुमति नहीं देंगे। चहल ने कहा कि अर्धसैनिक बलों सहित 8,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी अमृतसर में तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के आसपास भी पुलिस तैनात की गयी है।
चहल ने कहा, चौकरी के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया, स्वर्ण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक समिति ने स्वर्ण मंदिर के भीतर अपने कार्य बलों को तैनात किया है जो सतर्क रहेंगे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष छह जून को स्वर्ण मंदिर के भीतर हुई क्षड़प में पांच युवक घायल हो गए थे।
Latest India News