मुंबई: दुनिया के सैलानियों के बीच राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली को लेकर रूचि बढ़ती जा रही है और इस मामले में विश्व के 10 प्रमुख शहरों में यह सातवें स्थान पर है। बुकिंग रूचि में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। नई दिल्ली एकमात्र एशियाई शहर है जो ट्रिप एडवाइजर्स 2016 ट्रैवलर्स च्वाइस डेस्टिनेशन आन द राइज के 10 प्रमुख वैश्विक शहरों में शामिल हैं।
ऐतिहासिक इमारतों, सांस्कृतिक धरोहर, आसपास अच्छे शहर तथा बड़े-बड़े मॉल भारत की राजधानी को एक जीवंत शहर बनाते हैं। आकर्षक हुमायूं का मकबरा शहर के समृद्ध इतिहास को बताता है जबकि अच्छे बाजार व्यस्त महानगर का वास्तविक बोध कराता है। द ट्रैवलर्स च्वाइस अवार्डस फार डेस्टिनेशन आन द राइज में दुनिया के 52 शहरों को रेखांकित किया गया है। इन शहरों को साल-दर-साल ट्रिप एडवाइजर के यात्रियों की रहने, रेस्तरां तथा आकर्षण को लेकर प्रतिक्रिया और रूचि के आधार पर चुना गया है। बुकिंग रूचि में साल-दर-साल वृद्धि का आंकड़ा ट्रिप एडवाइजर्स के अक्तूबर 2014 से अक्तूबर 2015 के बीच आंकड़ों पर आधारित है। ट्रिप एडवाइजर की मुख्य विपणन अधिकारी बारबरा मेसिंग ने कहा, हमारे यात्रियों ने दुनिया भर में उन जगहों को चिन्हित करने में मदद की जिसको लेकर रूचि और लोकप्रियता बढ़ रही है।
सूची में जिन अन्य शहरों को शामिल किया गया है, उसमें मैक्सिको का तुलुम, कोलंबिया का कार्तागेना, पुर्तगाल का पार्तो, अमेरिका का गातलिनबर्ग, रूस का मास्को तथा ब्रिटेन का ब्रिगटन शामिल हैं। तुलुम के मामले में बुकिंग रूचि सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़ी जबकि कार्तागेना के मामले में 49 प्रतिशत, पोर्तो को लेकर 39 प्रतिशत, गातलनिबर्ग को लेकर 67 प्रतिशत तथा मास्को को 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ब्रिगटन के मामले में 60 प्रतिशत बुकिंग रूचि बढ़ी है। भारत के दो शहर नई दिल्ली और बेंगलुरू एशियाई शहरों की रैकिंग में सबसे उपर हैं। एशिया के इन दोनों गंतव्यों के प्रति सैलानियों की रूचि बढ़ रही है।
Latest India News