नयी दिल्ली: देश भर में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का आज पांचवा दिन है। आंदोलन कर रहे ट्रक संचालकों के शीर्ष संगठन एआईएमटीसी और सरकार के बीच गतिरोध से देश के विभिन्न भागों में सामान की ढुलाई प्रभावित हुयी है। समाधान के लिए मौजूदा टोल सिस्टम को खत्म करने की मांग कर रहे ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस :एआईएमटीसी: के प्रतिनिधियों की आज शाम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात होने वाली है।
एआईएमटीसी के अध्यक्ष भीम बाधवा ने पीटीआई-भाषा को बताया, हम आज शाम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से मुलाकात करेंगे। हमें कुछ सकारात्मक समाधान की उम्मीद है। जैसा समाधान निकलता है उस आधार पर हम अपनी कार्यकारणी समिति की बैठक बुलाएंगे जिसमें यह फैसला किया जाएगा कि हड़ताल आगे जारी रखी जाए या नहीं।
गतिरोध खत्म करने में सरकार के साथ पूर्व की बातचीत नाकाम हो चुकी है इसलिए एआईएमटीसी ने मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी हस्तक्षेप की मांग की है।
Latest India News