श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में आज सुरक्षा बलों की गोलीबारी में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। पिछले चार दिनों में चार आतंकी मारे गए हैं। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने आज सुबह आतंकवाद-रोधी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि अब तक दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है। अभियान अब भी जारी है।
मारे गये आतंकवादियों की पहचान एवं किस समूह से वे जुड़े थे, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है। सैन्य अधिकारी ने बताया कि पन्नार वन क्षेत्र में पूर्व में शुरू किये गये अभियान को आज जारी किया गया। इससे पहले 14 जून को दो आतंकी मार गिराए गए थे। सेना ने बताया कि राज्य में संघर्षविराम को आगे नहीं बढ़ाने के केंद्र के फैसले के एक दिन बाद यह अभियान किया गया।
सुरक्षा बलों ने राज्य की राजधानी श्रीनगर सहित समूची घाटी के अलग-अलग स्थानों में जांच अवरोधकों को लगाने में सक्रियता दिखायी। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां शहर में विभिन्न स्थानों पर प्रवेश करने वाले वाहनों की औचक जांच कर रही हैं।
Latest India News