A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP के कासगंज में दिखा उड़न तश्तरी, जांच में जुटा प्रशासन

UP के कासगंज में दिखा उड़न तश्तरी, जांच में जुटा प्रशासन

यूपी के कासगंज से सामने आया है एक हैरान कर देने वाला मामला। एक वायरल तस्वीर ने लोगों को हैरान-परेशान किया हुआ है।

UFO- India TV Hindi
UFO

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक ‘रहस्यमय उड़न तश्तरी’की फोटो सोशल मीडिया में इन दिनों वायरल है। व्हाट्सएप ग्रुप्स पर घूम रही इस तस्वीर की सत्यता का पुष्टि करना तो तकरीबन असंभव है लेकिन यह तस्वीर इस कदर वायरल हुई की प्रशासन अब इसे जांच के लिए भेजेगा।

दरअसल, जिले के नगरिया गांव में बादलों के बीच बनी उड़न तश्तरी जैसी आकृति चर्चा का विषय बनी है। सोशल मीडिया पर वायरल यह फोटो जिलाधिकारी के पास भी पहुंची, उन्होंने सही स्थिति की जानकारी लेने के लिए पुलिस को गांव में भेजा। हालांकि यह तस्वीर किसने खींची यह साफ नहीं हो पाई है।

खबर के मुताबिक लोगों ने बुधवार की सुबह आसमान में उड़न तश्तरी जैसी आकृति देखी। हुआ यूं कि सुबह गांव में बरसात पड़ रही थी। लोग अपने घरों में रह कर बरसात बंद होने का इंतजार कर रहे थे। कुछ देर बाद बरसात बंद हो गई। इसके बाद लोगों ने आसमान की ओर देखा तो हैरान रह गए। कुछ युवकों ने आसमान में एक उड़न तश्तरी जैसी आकृति बनती हुई देखी।

इन तस्वीरों के बारे में जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन से जानकारी ली गई तो उन्होंने भी फोटो देखे और बेहद हैरानी जताई। डीएम ने फोटो मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञों के पास जांच के लिए भेजने की बात कही है।केए कालेज में भूगोल के प्रवक्ता डाक्टर विष्णु तोमर का कहना है कि बादलों से इंद्रधनुष के साथ कई तरह की आकृतियां बन जाती हैं। कभी घोड़े तो कभी किसी देवता जैसी वह नजर आती है। विश्व में उड़न तश्तरियां देखे जाने की बातें सुनी गई हैं, इस इलाके में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई हैं।

khabarindiatv.com इस तस्वीर की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है और ना ही इस तरह के दावों को प्रमोट करता है। हाल ही में गोरखपुर से भी ऐसा ही मामला सामने आया था जो बाद में फर्जी निकला था।

Latest India News