1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ कुंभ के लिए पहली पेशवाई आज

उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ कुंभ के लिए पहली पेशवाई आज

मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में इसी माह शुरू होने वाले सिंहस्थ कुंभ की पहली पेशवाई मंगलवार को निकलेगी।

kumbh in ujjain- India TV Hindi
kumbh in ujjain

उज्जैन: मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में इसी माह शुरू होने वाले सिंहस्थ कुंभ की पहली पेशवाई मंगलवार को निकलेगी। पहली पेशवाई श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की होगी। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की पेशवाई नीलगंगा से शुरू होगी, जो भूखी माता क्षेत्र स्थित छावनी पहुंचेगी।

यह पेशवाई भव्य होगी। इसमें दो हाथी, 20 घोड़े, 24 बैंड एवं 12 बग्घियां शामिल होंगी। पेशवाई में एक मयूर रथ भी रहेगा, जिस पर जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेशवर अवधेशानंद गिरि महाराज विराजित रहेंगे।

जूना अखाड़े के मंहत हरि गिरी ने बताया कि अखाड़े की भव्य पेशवाई मे 20 लोगों का एक दल राजकीय पोशाक में रहेगा। पेशवाई में दो दल नृत्य करते हुए चलेंगे। पेशवाई में काशीसुमेरू पीठ शंकराचार्य नरेंद्रानंद एवं अन्य महामंडलेशवर तथा बड़ी संख्या में साधु-संत भाग लेंगे।

मेला प्रशासन ने इस पहली पेशवाई को देखते हुए शहर के मार्गों को सजाया-संवारा है। क्षिप्रा (शिप्रा) नदी पर स्थित पुल-पुलियाओं पर भी आकर्षक साज-सज्जा की गई है। इन पर रंग-बिरंगे ध्वज लड़ियां लगाई गई हैं और रंगारंग रोशनी भी की गई है।

Latest India News