नई दिल्ली: पाकिस्तान स्थित करीब दर्जन भर आतंकवादी संगठनों के गठबंधन यूनाईटेड जेहाद काउंसिल ने पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हुए भयंकर आतंकवादी हमले की आज जिम्मेदारी ली। यूजेसी का प्रवक्ता होने का दावा करते हुए सैयद सदाकत हुसैन ने यहां की एक स्थानीय संवाद समिति को भेजे ई-मेल में दावा किया, पठानकोट वायुसेना अड्डे पर हमला नेशनल हाईवे स्क्वायड ने किया। हालांकि उसने यह नहीं बताया कि इस हमले में कितने आतंकवादी शामिल थे।
यूजेसी में मुख्य रूप से जम्मू कश्मीर में सक्रिय आतंकवादी संगठन शामिल हैं। वैसे दिल्ली में विशेषज्ञों ने इस दावे की प्रमाणिकता पर संदेह प्रकट किया है, क्योंकि पठानकोट हमला पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का कृत्य माना जा रहा है और जैश-ए-मोहम्मद यूजेसी का सदस्य नहीं है। इस दावे को ध्यान बंटाने वाली तरकीब के रूप में देखा जा रहा है।
आतंकवादी संगठन यूनाइटेड जेहाद काउंसिल के छह आतंकियों को भारतीय सुरक्षा बलों ने मार गिराया, जबकि उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई में 7 भारतीय जवान शहीद हुए। यूनाइटेड जेहाद काउंसिल को मुत्ताहिद जेहाद काउंसिल के नाम से भी जाना जाता है और इस आतंकवादी संगठन की स्थापना 1994 में हुई थी। हिजबुल मुजाहिदीन का चीफ सैयद सलाहुद्दीन इसका भी चीफ है। यूनाइटेड जेहाद काउंसिल को भारत के खिलाफ लड़ रहे अलग-अलग उग्रवादी गुटों को एक करने के लिए बनाया गया था। ये संगठन मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हैं।
पठानकोट हमले में अब तक छह आतंकी ढेर हो चुके हैं। आतंकियों से मुठभेड़ में 7 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 20 जवान घायल हुए हैं। 7 शहीदों में 5 DSC के जवान, 1 GARUD और एक NSG कमांडो शामिल हैं।
उधर, आतंकियों द्वारा पठानकोट स्थित भारतीय वायुसेना के अड्डे पर किए गए हमले के मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजित डोभाल की चीन यात्रा को टाल दिया गया है। चीन के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत के लिए डोभाल की यह यात्रा कल से शुरू होनी थी।
चीनी और भारतीय अधिकारियों ने आज कहा कि यह यात्रा पठानकोट की घटना के कारण स्थगित कर दी गई है। भारतीय अधिकारियों ने कहा कि डोभाल की यात्रा का कार्यक्रम दोबारा बनाया जाएगा। डोभाल भारत-चीन सीमा वार्ताओं के विशेष प्रतिनिधि भी हैं। उन्हें कल यहां दो दिवसीय यात्रा पर आना था, ओैर इस दौरान उन्हें अपने चीनी समकक्ष यांग जीची के साथ सीमाई विवाद समेत प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करनी थी।
Latest India News