1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंचायत चुनाव: हिंसक घटनाओं के बीच पड़े 65 प्रतिशत वोट

पंचायत चुनाव: हिंसक घटनाओं के बीच पड़े 65 प्रतिशत वोट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज मारपीट और फायरिंग की कई घटनाओं के बीच करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने इसे प्रदेश के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण पंचायत

पंचायत चुनाव: हिंसक...- India TV Hindi
पंचायत चुनाव: हिंसक घटनाओं के बीच पड़े 65 प्रतिशत वोट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज मारपीट और फायरिंग की कई घटनाओं के बीच करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने इसे प्रदेश के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण पंचायत चुनाव करार देते हुए अपनी पीठ ठोंकी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त एस. के. अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में गौतमबुद्धनगर तथा आगरा को छोड़कर शेष 73 जिलों में क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 20 हजार 22 तथा जिला पंचायत सदस्य के कुल 921 पदों के लिये छिटपुट घटनाओं के बीच करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि छिटपुट घटनाओं की वजह से प्रतापगढ़ में एक, बलिया में दो, फर्रखाबाद, सम्भल, गोरखपुर में एक-एक तथा अमेठी में चार समेत 12 बूथों पर पुनर्मतदान होगा। इस तरह कुल 46 हजार 621 में से 12 पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।

अग्रवाल ने बताया कि मतदान के दौरान कहीं भी किसी की मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा प्रदेश में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हो और एक भी मौत ना हो..... मैं यह समझता हूं कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में इससे शांतिपूर्ण मतदान शायद कभी नहीं हुआ। आप किसी भी चुनाव के आंकड़े देख लें। हमने अपने दम पर शांतिपूर्ण चुनाव कराया। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस बीच, प्रतापगढ़ से पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक बहेर गांव स्थित प्रजापति बूथ पर क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में मतदान के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख रमाकांत तथा उसके बेटे दिनकर की उमर नामक प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट मुश्ताक से मतदान में धांधली को लेकर झड़प हुई,जिसमें मुश्ताक गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह भी इल्जाम है कि इस दौरान मुश्ताक की जबान काट दी गयी। इसी दौरान किसी ने गोली चलायी जिसके छर्रे लगने से रमाकांत और दिनकर गम्भीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाहाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि राज्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक यह वारदात पोलिंग बूथ से दूर गांव में हुई है।

फरुखाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक बढ़पुर विकास खण्ड स्थित प्राथमिक विद्यालय मीरपुर में मतदान के दौरान धांधली के आरोप को लेकर दो पक्षों में करीब छह राउंड गोलियां चलायी गयीं। इस वारदात में गोली लगने से शिवराज सिंह यादव नामक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा पथराव में दूसरे पक्ष के दिनेश यादव तथा मुकेश यादव घायल हो गये। तीनों जख्मी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एटा के अलीगंज में भी मतपत्र फाड़े जाने तथा एक पीठासीन अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की किये जाने की खबर मिली है। बहराइच के शिवपुर ब्लाक में प्राथमिक पाठशाला अनरवा में चुनाव ड्यूटी कर रहे वन विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हरिन्द्र सिंह (53) की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी। उपजिला निर्वाचन अधिकारी विद्या शंकर सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

Latest India News