1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रावत ने दी शक्ति परीक्षण की परीक्षा, SC बुधवार को बताएगा Result

रावत ने दी शक्ति परीक्षण की परीक्षा, SC बुधवार को बताएगा Result

SC के आदेश पर उत्तराखंड विधानसभा में मंगलवार को शक्ति परीक्षण हुआ जिसके बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों पक्षों ने संकेत दिया कि हरीश रावत के पास बहुमत है।

Harish Rawat
- India TV Hindi
Harish Rawat

देहरादून: उच्चतम न्यायालय के आदेश पर उत्तराखंड विधानसभा में मंगलवार को हुए बहुप्रतीक्षित शक्ति परीक्षण के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों पक्षों के विधायकों ने संकेत दिया कि अपदस्थ मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विश्वास मत पर संभवत: विपक्षी 28 के मुकाबले 33 मतों से बाजी मार ली है। प्रमुख सचिव विधायी और संसदीय कार्य जयदेव सिंह की निगरानी में करीब एक घंटे चली विधायकों के मतदान की प्रक्रिया को एक सीलबंद लिफाफे में उच्चतम न्यायालय भेजा जा रहा है जहां उसके परिणाम के बारे में बुधवार खुलासा किया जाएगा।

शक्ति परीक्षण के दौरान अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल को छोड़कर सभी 61 विधायकों ने हाथ उठाकर अपने वोट दर्ज कराए। हालांकि, वोट डालकर बाहर निकले कांग्रेस और भाजपा विधायकों ने स्पष्ट संकेत दिए कि कांग्रेस के पक्ष में 33 और भाजपा के पक्ष में 28 मत पड़े हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों के विधायकों ने कहा कि दोनों दलों के एक-एक विधायक ने क्रॉस वोट किया। जहां घनसाली से भाजपा विधायक भीम लाल आर्य ने रावत के विश्वास मत के समर्थन में मत दिया, वहीं सोमेश्वर से कांग्रेस विधायक ने विश्वास मत के विरोध में वोट दर्ज कराया।

विधानसभा में शक्ति परीक्षण के बाद मुस्कराते हुए बाहर निकले पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने हालांकि इस बारे में कुछ भी स्पष्ट करने से इंकार कर दिया और कहा कि शक्ति परीक्षण कराने के लिए वह उच्चतम न्यायालय के बहुत आभारी हैं। संवाददाताओं के पूछने पर रावत ने कहा, विधानसभा में मतदान के दौरान क्या हुआ, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। लेकिन हम उच्चतम न्यायालय के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने हमें विधानसभा में शक्ति परीक्षण का मौका दिया।

यह कहे जाने पर कि आपने उंगलियों से वी का निशान दिखाकर अपनी जीत का संदेश दिया, उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई चिह्न नहीं दिखाया और इसके बारे में उच्चतम न्यायालय में ही खुलासा होगा। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि इस शक्ति परीक्षण से उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य पर मंडरा रहे अनिश्चितता के बादल भी जल्द छंट जाएंगे और चीजें व्यवस्थित रूप में आ जाएंगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, हमें उम्मीद है कि बहुत शीघ्र उत्तराखंड के राजनीतिक परिदृश्य पर छाये बादल छंट जाएंगे और सबकुछ व्यवस्थित रूप से चलने लगेगा।

उत्तराखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट सहित विधायकों ने भी पूछे जाने पर परिणाम के बारे में बुधवार तक इंतजार करने को कहा, लेकिन साथ ही यह भी माना कि उनके पक्ष में 28 विधायकों के मत पडे हैं। भाजपा विधायक तीरथ सिंह रावत ने कहा कि शक्ति परीक्षण का परिणाम चाहे जो निकले, भाजपा एकजुट है और 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ही सत्ता में आएगी। खबर है कि तत्कालीन रावत सरकार में शामिल प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा पीडीएफ: के कुनबे में पिछले दो दिन से चल रही बिखराव की खबरों के बीच उसके सभी विधायकों ने रावत के विश्वास मत के पक्ष में वोट डाले।

हरीश रावत का बड़ा बयान, कांग्रेस में जश्न:

Latest India News