नई दिल्ली: उत्तराखंड हाई कोर्ट ने 9 बागी विधायकों की याचिका खारिज कर दी है। हाई कोर्ट ने सभी बागी विधायकों को अयोग्य करार दिया है। अब ये विधायक सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में हैं। फ्लोर टेस्ट से एक दिन पहले उत्तराखंड हाईकोर्ट का यह फैसला काफी महत्वपूर्ण है। शनिवार को हाईकोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक उत्तराखंड में हरीश रावत को मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच सदन में बहुमत साबित करना है। इस बीच उत्तराखंड मामले में एक और स्टिंग के सामने आने से उत्तराखंड की सियासत और गरमा गई है। कांग्रेस के बागी विधायक विजय बहुगुणा ने कहा है कि हाईकोर्ट का फैसला अगर उनके पक्ष में नहीं आया तो वो सुप्रीम कोर्ट में अपील करेंगे।
वहीं बीजेपी ने हरीश रावत पर हमला बोला है बीजेपी नेता अनिन बलूनी ने कहा है कि वो अदालत के फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन हरीश रावत ने लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ी है। ऐसे शख्स को जेल में होना चाहिये।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के चल रहे सियासी संकट के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को सीबीआई ने स्टिंग मामले की जांच के सिलसिले में पेश होने का समन भी जारी किया। इस स्टिंग के कथित तौर पर उन्हें एक पत्रकार से बागी विधायकों का फिर से समर्थन हासिल करने के लिए डील करते हुए दिखाया गया था।
Latest India News