नई दिल्ली: BJP के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने दिल्ली सरकार के कॉलेज में स्थानीय छात्रों को 85% आरक्षण देने की मांग की है। गोयल ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि 28 कॉलेजों में 85% सीटें आरक्षित की जानी चाहिए। इन कॉलेजों का कोष दिल्ली सरकार द्वारा शहर के छात्रों के लिए दिया जाता है जिन्हें नामांकन में समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने BJP सांसद विजय गोयल की उस मांग का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली विश्वविद्यालय में उन छात्रों को प्राथमिकता मिले, जिन्होंने 12वीं कक्षा दिल्ली से पास की है, चाहे वह किसी भी राज्य से आकर क्यों न बसे हों। गोयल कई साल यह मांग उठाते रहे हैं।
गोयल ने शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मनीष सिसोदिया से मुलाकात की और उनको बताया कि किस तरह हर साल दिल्ली के उन ढाई लाख छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है, जो दिल्ली से 12वीं कक्षा पास करते हैं और जिन्हें दिल्ली के ही कॉलेजों में दाखिला नहीं मिल पाता।
गोयल ने मांग की है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के 61 कॉलेजों में से 28 कॉलेज जोकि दिल्ली सरकार के हैं, उनमें 85 फीसद सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित हों, अन्य राज्यों के मुकाबले दिल्ली के छात्रों को कटऑफ लिस्ट में 5% की छूट मिले और बिहार व अन्य प्रदेशों में जहां बड़ी तादाद में नकल होती है, उसे देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले से पहले एक बेसिक योग्यता परीक्षा हो।
Latest India News