1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. वायरल बुखार, डेंगू से शहर के 250 पुलिसकर्मियों समेत कई बीमार

वायरल बुखार, डेंगू से शहर के 250 पुलिसकर्मियों समेत कई बीमार

शहर में वायरल बुखार, डेंगू और चिकनगुनिया से आम आदमी के साथ साथ पुलिस विभाग के करीब ढाई सौ कर्मी बीमार हैं ।

Fever- India TV Hindi
Fever

कानपुर: शहर में वायरल बुखार, डेंगू और चिकनगुनिया से आम आदमी के साथ साथ पुलिस विभाग के करीब ढाई सौ कर्मी बीमार हैं । बुखार का प्रसार रोकने के लिये प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की रोजाना दो बार बैठक हो रही है। लेकिन बीमारी की रोकथाम नहीं हो पा रही है। अस्पतालों में रोज करीब 100 नये मरीज भर्ती हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक डेंगू के 2026 संदिग्ध मरीज आ चुके है जिसमंे से 769 को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इस बीमारी के 697 मरीज अभी अस्पतालों में भर्ती हैं और रोजाना आने वाले बुखार के मरीजों की डेंगू की जांच हो रही है । कानपुर पुलिस के एसएसपी शलभ माथुर ने पीटीआई से बातचीत में माना कि अभी तक शहर में थाना प्रभारी से लेकर सिपाही तक करीब 250 पुलिसकर्मी वायरल बुखार और डेंगू से पीडि़त हैं और उनका इलाज चल रहा है ।

उन्होंने कहा कि शहर में आगामी 22 सितंबर से भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच है और 17 सितंबर को टीमें आ रही हैं जिसे देखते हुए पुलिसकर्मियों की बीमारी चिंता का विषय है । इसके बावजूद हम शहर की कानून व्यवस्था दुरूस्त करने में सफल रहे हैं जिससे बकरीद और बुढ़वा मंगल जैसे पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं ।

एसएसपी माथुर ने कहा कि 22 सितंबर से शुरू होने वाले भारत और न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के लिए सुरक्षा इंतजाम के तहत कानपुर में दूसरे जिलो की पुलिस मंगवाई जा रही है। इसके अलावा पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात किये जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों को बीमारी से बचाने के लिये उनकी कालोनियों के ईदगिर्द फॉगिंग कराने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिये पुलिस विभाग ने अपनी एक फॉगिंग मशीन मंगाई है।

इसके अलावा पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वह पूरी बांह की कमीज पहनें तथा अपनी कालोनियों के आसपास सफाई करें। शहर के मुख्य चिकित्साधिकारी :सीएमओ: डॉ आर पी यादव का दावा है कि शहर में मरीजों का उपचार किया जा रहा है और साफ सफाई की व्यवस्था की जा रही है। घबराने की कोई बात नही है।

Latest India News