बैंगलुरू: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर रघुराम राजन के गवर्नर पद पर दूसरे कार्यकाल से इनकार करने के बाद उद्योग जगत से कई प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इंफोसिस के भारतीय मूल के CEO विशाल सिक्का ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में रघुराम राजन ‘असाधारण’ रहे हैं और उनके पास ग्रीन कार्ड होना कोई मुद्दा नहीं होना चाहिए।
सिक्का ने कहा 'बतौर इंफोसिस का सीईओ मैं यहां हूं, मैं अमेरिकी नागरिक हूं। मुझे नहीं लगता कि राजन अमेरिकी नागरिक हैं, लेकिन मैं अमेरिकी नागरिक हूं। यह ऐसा है कि ‘फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी’और यही मायने रखता है।’ उन्होंने कहा‘वह असाधारण गवर्नर रहे हैं और हम उनके जीवन और शिक्षण के लिए शुभकामनाएं देते हैं। मैं यह देखना चाहूंगा कि साथ काम करने का कोई तरीका निकल आए लेकिन उन्होंने असाधारण काम किया है और हम उन्हें शुभकामनाएं देना चाहते हैं।’ यह पूछने पर कि क्या राजन के पास ग्रीन कार्ड का होना कोई मुद्दा है, सिक्का ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता।
राजन को दूसरा कार्यकाल नहीं मिलने का अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में पूछने पर सिक्का ने कहा‘अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है। भारत मजबूत है। चीजें चलती रहेंगी। लेकिन उन्होंने वास्तव में बहुत अच्छा काम किया है।’ राजन के उत्तराधिकारी के संबंध में सवाल करने पर उन्होंने कहा‘मुझे कोई जानकारी नहीं है। कई अर्थशास्त्री हैं। लेकिन अंतत: यह सरकार का फैसला है। फैसला जो भी हम उसका पूरा समर्थन करेंगे।’
एनआईआर अर्थशास्त्री लॉर्ड मेघनाद देसाई ने कहा कि राजन के पास ग्रीन कार्ड होने का मतलब यह नहीं है कि वह भारतीय नहीं हैं।
Latest India News