दिल्ली-NCR में मौसम का उल्टा 'मार्च', कई इलाकों में बारिश के साथ गिरे ओले
राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में शनिवार को बारिश के साथ ओलावृत्ति हुई जिससे तापमान में गिरावट आई है। दिल्ली में जनकपुरी, रोहिणी, आर के पुरम, वसंत कुंज इलाकों में ओलावृत्ती हुई है।

दिल्ली मे भारी बारिश के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पास जलभराव के कारण भारी ट्रेफिक जाम लग गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में हुई बारिश को लेकर बताया कि सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री ज्यादा यानि 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आसमान पर बादल छाए रहेंगे और शाम तक और बारिश होने का अनुमान है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।”
पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को भी जारी बारिश से कृषि समृद्ध दोनों राज्यों के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों को डर है कि लंबे समय तक नमी रहने के चलते फसलों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में तीन दिन से बारिश जारी है। उन्होंने बताया कि पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और हरियाणा के पंचकुला, अंबाला और करनाल समेत अन्य इलाकों में शुक्रवार शाम 5.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे के बीच बारिश हुई।
अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के फाजिल्का जिले समेत अन्य स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचा। इसी तरह, हरियाणा के यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र जिलों में भी फसल को नुकसान पहुंचा है। यमुनानगर के गांव चानेती के किसान जरनैल सिंह ने बताया कि बिना मौसम की बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेंहू और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।