नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर बुधवार सुबह छाए बादलों ने धूप से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम में आए बदलाव की वजह अरब सागर की ओर से आ रही नमी और हवाओं की दिशा में हुआ बदलाव माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल संभागों के अलावा उज्जैन, रतलाम व धार जिलों में बौछारें पड़ सकती हैं।
राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, इंदौर में 21 डिग्री, ग्वालियर में 21.8 डिग्री और जबलपुर में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, इंदौर में 38 डिग्री, ग्वालियर में 41.3 और जबलपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उप्र में धूप व लू से राहत नहीं
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकलने से तापमान में वृद्घि हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में चिलचिलाती धूप निकलेगी। गर्मी व लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। बुंदेलखंड व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी की ओर से आने वाली हवाएं गर्म और सूखी हैं। नमी का आभाव होने की वजह से गर्मी और बढ़ने की सम्भावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बुधवार को गोरखुपर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री, कानपुर का 24.6 डिग्री, बांदा का 28 डिग्री, इलाहाबाद का 26.4 और झांसी का 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Latest India News