देश का मौसम: दिल्ली में धूप, बिहार में बदली, UP में बारिश के आसार
देशभर में खासकर के उत्तर भारत में मौसम लगातार करवट बदल रहा है, यूपी, एमपी और बिहार में हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना रख है। जानिए आज शुक्रवार को देश के राज्यों में कैसा रहा मौसम का हाल।

नई दिल्ली: देशभर में खासकर के उत्तर भारत में मौसम लगातार करवट बदल रहा है, यूपी, एमपी और बिहार में हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना रख है। जानिए आज शुक्रवार को देश के राज्यों में कैसा रहा मौसम का हाल।
मप्र में भारी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार को आसमान पर बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में बीते तीन दिनों से जोरदार बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण उमस और गर्मी कम हुई है। राजधानी भोपाल में 28 मिलीमीटर, ग्वालियर में 16.2 मिलीमीटर, जबलपुर में 109.6 मिलीमीटर, खजुराहो में 79.2 मिलीमीटर और पचमढ़ी में 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सागर, पन्ना, दमोह, विदिशा, छतरपुर, भोपाल, रायसेन, होशंगाबाद, राजगढ़, आगर, शाजापुर, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर आदि जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री, इंदौर का 24.2 डिग्री, ग्वालियर का 26.3 डिग्री और जबलपुर का 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार में आंशिक बदली
बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य स्थानों में शुक्रवार सुबह आसमान पर हल्के बादल छाए हुए हैं, हालांकि मौसम विभाग अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश नहीं होने की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के राजधानी पटना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। इसके अलावा गया का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तथा पूर्णिया का 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
UP में बादल छाए, बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 24 घंटों के दौरान कहीं सामान्य तो कहीं तेज बारिश होने के आसार जताए हैं। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और तेज धूप तथा गर्मी से राहत मिलेगी। एक-दो दिन तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की संभावना है। आर्द्रता का स्तर 80 फीसदी दर्ज किए जाने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तामपान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
दिल्ली में सुबह तेज धूप
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज धूप के साथ आंशिक बदली छाई रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, "आज दिनभर आसमान में बदली छाई रहेगी। कुछ क्षेत्रों में शाम या रात के समय हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है।"
आईएमडी के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 72 फीसदी आद्रता दर्ज की गई। हालांकि, समय के साथ-साथ इसमें गिरावट का अनुमान है। दिल्ली में एक दिन पहले यानी गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।