कोलकाता: कोलकाता के सभी नौ मतगणना केंद्रों के बाहर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा है जहां आज विधानसभा चुनावों की मतगणना होगी। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पहले दो स्तर पर कोलकाता पुलिस के जवान तैनात है और तीसरा घेरा केंद्रीय बलों का है।
कोलकाता पुलिस के विशेष अतिरिक्त और संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) सुप्रतिम सरकार ने कहा कि सभी नौ मतगणना केंद्रों के बाहर 100 मीटर के दायरे में सीआरपीसी की धारा 144 लागू होगी।
20,000 कर्मचारी कर रहे हैं वोटों की गिनती
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए होने वाली मतगणना की गिनती राज्य और केन्द्र सरकार के 20,000 कर्मचारी मिलकर कर रहे हैं। मतगणना सुबह आठ बजे से प्रदेश में 90 स्थानों पर शुरू होगी। मतगणना केन्द्रों की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
जिन स्ट्रांग रूम में ईवीएम रखे गए हैं उनकी सुरक्षा में केन्द्रीय सशस्त्र बल की 78 कंपनियां तैनात की गयी हैं। मतगणना केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू हैं और किसी को भी कार से जाने की अनुमति नहीं है। पीठासीन अधिकारी के अनुमति के बगैर किसी को केन्द्र से बाहर निकलने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।
प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिब्येन्दु सरकार ने बताया, सभी को उतरकर पैदल जाना होगा। यह सिर्फ पैदल यात्री क्षेत्र होगा।
Latest India News