नई दिल्ली: गृह मंत्रालय के अधिकारी उस समय चकरा गए जब उनके सामने यह सवाल आया कि अगर एलियन (दूसरे ग्रह के प्राणी) ने अटैक कर दिया तो उससे मुकाबला करने के लिए सरकार के पास क्या योजना है? यह सवाल आरटीआई के जरिए एक शख्स ने पूछा था।
मुंबई के रहनेवाले अजय कुमार नामक शख्स ने आरीटीआई के जरिए यह सवाल पूछा था। इस सवाल से मंत्रालय के अधिकारी चकरा गए क्योंकि यह विचार भी उनके लिए पूरी तरह से एलियन जैसा ही था। एलियन को काल्पनिक प्राणी माना जाता है और ज्यादातर हॉलीवुड की डरावनी फिल्मों में दिखाया जाता है। अभी तक कोई पुख्ता प्रमाण एलियन के हमले का नहीं मिला है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अजय ने जब यह सवाल पूछा था कि एलियन के खिलाफ हमारी संभावनाएं क्या हैं और उन्हें शिकस्त देने के लिए सरकार के पास क्या तरीके हैं? सवाल पूछे जाने के छह महीने बाद बुधवार को यह गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू के संज्ञान में आया।
किरन रिजिजू इस विषय पर खुद को ट्वीट करने से नहीं रोक सके। उन्होंने लिखा- यह विषय विज्ञान से बहुत ज्यादा जुड़ा हुआ है। इस तरह की आरटीआई मंत्रालय के कर्मचारियों का बेशकीमती वक्त बर्बाद करेगी।
गृह मंत्रालय ने अपने जवाब में कहा कि आपने किसी काल्पनिक स्थिति के बारे में सवाल पूछा है और इस मुद्दे पर गृह मंत्रालय का विचार या कानूनी राय मांगी है। इस तरह का अनुरोध सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 2 (एफ) के तहत जिक्र किए गए सूचना की परिभाषा के दायरे में नहीं आता है। इस कानून के तहत आवेदक सार्वजनिक प्राधिकार से ऐसी सूचना मांग सकता है जो रिकार्ड में हो और जो सार्वजनिक प्राधिकार के पास हो।
Latest India News