जाजपुर: एक जंगली भालू आज सुबह यहां शहर की सीमा में घुस आया और जाजपुर रोड़ और इसके आस-पास के इलाके के चार लोगों को घायल कर दिया। हालांकि बाद में भागने के प्रयास में वह एक नाले में गिरकर फंस गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोरडा इलाके में सुबह करीब छह बजे एक जंगली भालू ने हमला करके एक महिला समेत कुल चार लोगों को घायल कर दिया।
भालू ने मुख्य रूप से सड़क से गुजरने वालों और सुबह की सैर करने वाले व्यक्तियों पर हमला किया। बाद में स्थानीय लोगों ने उस पर पथराव किया। कटक के डीएफओ सुदर्शन बेहरा ने बताया कि भागने की कोशिश में वह पुरानी पुलिस चौकी के करीब एक नाले में गिर गया और फंस गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि उन्हें स्थानीय निवासियों ने फोन पर इस घटना के बारे में बताया, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे। बेहरा ने बताया कि भालू को पकड़ने के लिए नंदनकानन चिडि़याघर के विशेषज्ञों को बुलाया गया।
Latest India News