पटना : बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से राजद के बाहुबली नेता मो. शहाबुददीन को जेल से बाहर निकालने का रास्ता प्रशस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्या अब जंगलराज के प्रतीक शहाबुद्दीन लालू और नीतीश के साथ मंच साझा करते दिखेंगे।
सुशील मोदी एक विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि राजीव रोशन हत्याकांड में जब अदालत ने गत 3 फरवरी को छह महीने के भीतर ट्रायल पूरा करने का आदेश दिया तो एक सोची-समझी रणनीति के तहत राज्य सरकार ने ट्रायल नहीं होने दिया ताकि शहाबुद्दीन को जमानत मिल जाए।
उन्होंने पूछा कि शराबबंदी के खिलाफ मुकदमे की पैरवी के लिए दिल्ली से हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ताओं को बुलाने वाली सरकार ने शहाबुद्दीन के मामले को महाधिवक्ता के बजाए कनीय विधि अधिकारियों के जिम्मे क्यों सौंप दिया था। बिहार विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता सुशील ने पूछा कि क्या अब जंगलराज के प्रतीक रहे मो0 शहाबुद्दीन के साथ राजद प्रमुख लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच साझा करते दिखाई पड़ेंगे।
उन्होंने मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनन्त सिंह का जिक्र करते हुए क्या उनकी ही तरह मो. शहाबुद्दीन पर भी सरकार क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) लगाने का निर्णय लेगी। सुशील ने पूछा कि अगर अनन्त सिंह से सामान्य कानून व्यवस्था और लोक जीवन को खतरा बता कर उन पर सीसीए लगाया जा सकता है तो पूरे बिहार में दशकों से दहशत के पर्याय रहे मो. शहाबुद्दीन को जेल से निकालने के लिए सरकार इतनी उतावली क्यों है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्या यह सच नहीं है कि जेल में जाकर सरकार के मंत्री के मिलने खुले आम दरबार लगाने वाले आतंक के पर्याय शहाबुद्दीन के दहशत के कारण ही पत्रकार राजदेव हत्याकांड में पुलिस उनसे पूछताछ की हिम्मत नहीं जुटा पाई।
सुशील ने आरोप लगाया कि जिस तरह से जेल में रह कर मो. शहाबुद्दीन ने सीवान सहित पूरे बिहार में अपना आतंक कायम कर रखा है उनके जेल से बाहर आने की सूचना मात्र से लोगों में डर पैदा हो गया है।
Latest India News