नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में सुबह से ही धूप निकली हुई है। अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि आज दिन में आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, कानपुर का 20.4 डिग्री, गोरखपुर का 22 डिग्री, झांसी का 23.3 डिग्री और इलाहाबाद का 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में कोहरे भरी सुबह
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "आज दिन भर आसमान साफ रहेगा।"
यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में आद्र्रता सुबह 8.30 बजे 96 प्रतिशत दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान था।
बिहार में सुहावनी सुबह
बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह सुहावनी रही। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम में कोई खास फेरबदल नहीं होने और तापमान में मामूली गिरावट की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पटना का सोमवार को न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
बिहार के अन्य शहरों में गया का सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 19.5 डिग्री और भागलपुर का 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का रविवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस, गया का 32.1 डिग्री और पूर्णिया का 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
Latest India News