1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ससुराल में शौचालय नहीं होने पर, मायके लौटी दुल्हन

ससुराल में शौचालय नहीं होने पर, मायके लौटी दुल्हन

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के खोतहवा गांव में ससुराल में शौचालय नहीं होने के कारण एक विवाहिता ने पंचायत बुलाई और पंचों की अनुमति से अपने पति का घर छोड़ परिजनों के साथ मायके लौट गई।

women leave her laws house due to lack of toilet- India TV Hindi
women leave her laws house due to lack of toilet

बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के खोतहवा गांव में ससुराल में शौचालय नहीं होने के कारण एक विवाहिता ने पंचायत बुलाई और पंचों की अनुमति से अपने पति का घर छोड़ परिजनों के साथ मायके लौट गई। 

पश्चिम चंपारण जिले के मधुबनी प्रखंड अंतर्गत खोतहवा ग्राम पंचायत के दहवा गांव निवासी रामदयाल राम के बेटे बब्लू राम की शादी उत्तर प्रदेश के मंशा छापर गांव निवासी शारदा प्रसाद की बेटी अर्चना गौतम से 20 मई, 2016 को हुई थी।

अर्चना सुखी वैवाहिक जीवन का सपना लेकर गत 21 मई को ससुराल आई, लेकिन ससुराल में शौचालय और घर के अंदर चापाकल नहीं होने के कारण वह परेशान रहने लगी। अर्चना ने पति तथा ससुराल वालों से लगातार शौचालय बनाने और घर के अंदर एक चापाकल लगाने की मांग करती रही, लेकिन ससुराल वालों ने उसकी मांगें पूरी नहीं की। मांगें पूरी नहीं होने पर अर्चना ने अपने मायके के लोगों को यहां बुलाया और इस समस्या पर पंचायत बैठा दी। 

बब्लू के दरवाजे पर गुरुवार की शाम पंचायत हुई। खोतहवा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच ध्रुव पासवान और वर्तमान सरपंच के प्रतिनिधि विनोद गुप्ता के नेतृत्व में पंचों के सामने नवविवाहिता ने अपनी समस्या बताई और शौचालय नहीं होने के कारण ससुराल छोड़ कर वापस मायके जाने की बात कही।
पंचायत में बब्लू ने पत्नी से घर नहीं छोड़ने की गुहार भी लगाई, लेकिन अर्चना अपने निर्णय पर अड़ी रही। पंचायत का आदेश मिलने के बाद अर्चना परिजनों संग मायके चली गई।

Latest India News