1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व मंत्री हरक सिंह पर महिला ने चप्पल फेंकी

पूर्व मंत्री हरक सिंह पर महिला ने चप्पल फेंकी

उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली कस्बे के रामलीला मैदान में आज भाजपा की पर्दाफाश रैली से पहले निकाले गए एक जुलूस के दौरान मकानों की छतों पर खड़ी महिलाओं में से एक ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर चप्पल फेंकी।

Harak Singh Rawat- India TV Hindi
Harak Singh Rawat

गोपेश्वर (उत्तराखंड): उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली कस्बे के रामलीला मैदान में आज भाजपा की पर्दाफाश रैली से पहले निकाले गए एक जुलूस के दौरान मकानों की छतों पर खड़ी महिलाओं में से एक ने पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर चप्पल फेंकी। मुख्यमंत्री हरीश रावत की सरकार का पर्दाफाश करने के लिए निकाली जा रही रैली में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभा से पूर्व जुलूस निकाला। इस दौरान थराली के मुख्य बाजार से गुजरते हुए हरक सिंह रावत के खिलाफ कुछ लोगों ने नारेबाजी की और त पर खड़ी महिलाओं में से एक ने उन्हें निशाना बनाते हुए चप्पल फेंकी।

इसके विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, कांग्रेस ने इस महिला का पार्टी के साथ कोई संबंध नहीं होने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बाद में, रैली में भाग लेते हुए हरक सिंह ने हरीश रावत सरकार के कामकाज को लेकर जमकर भड़ास निकाली और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राज्य के संसाधनों का जमकर दुरूपयोग कर रहे हैं और उनके राज में शराब और खनन से जमकर वसूली हो रही है।

मुख्यमंत्री रावत से बगावत करने वाले कांग्रेस के 10 नेताओं को विभीषण बताते हुए हरक सिंह ने कहा कि रावण की लंका को केवल एक विभीषण ने बर्बाद किया लेकिन हम दस विभिषण हरीश रावत की लंका का खात्मा कर देंगे। रैली में मौजूद केन्द्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टमटा ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर सुधार कर रही है और इसके परिणाम भी दिखायी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय से जो भी संभव होगा, वह राज्य के विकास के लिए करेंगे। चमोली पुलिस के सूत्रों के थराली पुलिस इस मामले में जांच में जुट गई है। प्रारम्भिक जांच से पता चला है कि हरक सिंह रावत पर चप्पल फेखने वाली महिला किसी राजनैतिक दल से जुड़ी हुई नहीं थी।

Latest India News