नई दिल्ली: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राजस्थान के एक पुलिस थाने में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से एक महिला के कपड़े उतारने की घटना को लेकर अजमेर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी किया है।
आयोग ने मीडिया में आई एक खबर पर स्वत: संज्ञान लिया कि दरगाह पुलिस थाने के पुलिस कर्मियों ने चोरी हुए एक मोबाइल की तलाश करते हुए पुलिस थाने में एक महिला के कपड़े उतारकर उसका शील भंग किया।
उक्त महिला के पास से जब कोई मोबाइल फोन नहीं मिला तब उससे मारपीट भी की गई। पीडि़ता ने अजमेर शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से एक शिकायत की है।
आयोग ने नोटिस जारी करते हुए इस संबंध में दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी और कहा कि प्रेस में आई खबर अगर सही है तो यह पीडि़त महिला के मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मामला खड़ी करती है।
Latest India News