नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में 21 वर्षीय एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक ने अपने दोस्त और युवाओं के एक समूह के बीच की लड़ाई में हस्तक्षेप करने कोशिश की थी।
पुलिस ने आज बताया कि सुशांत कल शाम को करीब साढ़े सात बजे अपने दोस्त सुनील चौधरी की मदद करने गया था। उसके दोस्त ने उत्तम नगर के शिव विहार में यवुकों के एक समूह से लड़ाई कर ली थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौधरी की समूह के साथ किसी मामूली सी बात पर बहस शुरू हो गई थी जिसने बाद में हिंसक रूप धारण कर लिया। उसने मदद करने के लिए सुशांत को बुलाया जिसके बाद सुशांत अपने रिश्तेदार राहुल के साथ वहां पहुंचा।
उन्होंने बताया कि जब उसने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तब समूह ने उस पर लाठी, क्रिकेट बैट और लोहे की छड़ से हमला कर दिया। हमले में राहुल को भी चोटें लगी थी।
उन्होंने बताया कि बाद में चौधरी ने पुलिस को बुलाया जो जख्मी सुशांत को लेकर अस्पताल लेकर गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Latest India News