नई दिल्ली: सेल्फी लेने के चक्कर में जान जाने की तो कई घटनाएं हुईं हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में एक युवक को सेल्फी लेने के चक्कर में जेल की हवा खानी पड़ी। मामला यूपी के बुलंदशहर का है। बुलंदशहर की डीएम चंद्रकला के साथ सेल्फी लेना 18 साल के एक लड़के को भारी पड़ गया। लड़के को अपने साथ सेल्फ़ी लेना डीएम को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उसके खिलाफ केस कर दिया जिसके चलते उसे जेल तक जाना पड़ा। डीएम के मुताबिक लड़के ने उनकी इजाज़त के बिना सेल्फ़ी लेकर अपराध किया। हालांकि बाद में मामला तूल पकड़ने पर उन्होंने लड़के को माफ़ कर दिया।
इस मामले में डीएम ने गुरुवार को बैठक बुलाई, जिसमें लड़के द्वारा सेल्फी लेने की घोर निंदा की गई। बैठक के बाद जारी प्रेस नोट में कहा गया कि 'सेल्फी लेना तो दूर की बात है, किसी बाहरी आदमी को किसी महिला को देखने या घूरने का भी अधिकार नहीं। इस प्रकार की घटना किसी भी हालत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। जिले के सहायक जिलाधिकारी विशाल सिंह कहते हैं, 'सभी लोगों का 100 प्रतिशत यह मत है कि सेल्फी लेने का यह जो कार्यक्रम है, यह गलत है।'
इस घटना को लेकर सिराज के घर वाले खासे परेशान हैं। सिराज के पिता इमरान का कहना है, 'हमारे लिए तो यही काफी है कि वह रिहा हो जाये... घर पर आ जाए बस... इससे ज्यादा हम कुछ नहीं कह सकते हैं।' गौरतलब है कि बुलंदशहर की डीएम इससे पहले भी खासी चर्चा में रही हैं। पिछले दिनों खराब सड़क बनाने वालों पर गुस्सा करने का उनका वीडियो खासा चर्चा में था। हालांकि वह कहते हैं कि वह गुस्सा नहीं हैं। अब बात इतनी बढ़ जाने पर उन्होंने सिराज को माफ करने को कहा है।
Latest India News