नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की एक विशेष अदालत ने 2023 के बेंगलुरु जेल कट्टरपंथ मामले में मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का सदस्य टी. नसीर समेत कुल सात आरोपियों को सजा सुनाई है। नसीर के अलावा, कोर्ट ने आरोपी सैयद सुहैल खान, मोहम्मद उमर, जाहिद तबरेज, सैयद मुदस्सिर पाशा, मोहम्मद फैसल रब्बानी और सलमान खान को IPC, UA (P) एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 48,000 रुपये के जुर्माने के साथ सात साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
आरोपों को पहले ही कर लिया था स्वीकार
आरोपियों ने पहले NIA द्वारा मामले RC-28/2023/NIA/DLI में लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया था। यह मामला बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल के अंदर टी. नसीर द्वारा रची गई LeT से जुड़ी एक आतंकी साजिश से संबंधित है।
धर्म परिवर्तन और कट्टरपंथ बनाने के चलता था काम
इस साजिश में जेल में बंद सीधे-सादे युवाओं की पहचान करना, उन्हें भर्ती करना, प्रशिक्षण देना, उनका धर्म परिवर्तन कराना और उन्हें कट्टरपंथी बनाना शामिल था, ताकि भारत में आतंकी गतिविधियां अंजाम दी जा सकें।
अपराधियों से हथियार, गोला-बारूद और डिजिटल उपकरण जब्त
यह मामला शुरू में जुलाई 2023 में बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) द्वारा दर्ज किया गया था, जब आदतन अपराधियों से हथियार, गोला-बारूद और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे। इन अपराधियों ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन LeT के भारत-विरोधी हिंसक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए बेंगलुरु शहर में आतंकी हमले करने की योजना बनाई थी।
NIA ने किया बड़ी साजिश का खुलासा
इस मामले को NIA ने अपने हाथ में ले लिया, जिसने एक बड़ी साजिश का खुलासा किया। इस साजिश का मकसद कई आतंकी मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे टी. नसीर को जेल से अदालत ले जाते समय भगाने में मदद करना था। उस समय नसीर 2008 के बेंगलुरु सीरियल ब्लास्ट मामलों में विचाराधीन कैदी था।
एक आरोपी अभी भी फरार
गहन जांच के बाद, NIA ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों और एक फरार आरोपी, जिसकी पहचान जुनैद अहमद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था। इनमें से, आरोपी सलमान खान को NIA और रवांडा की संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप रवांडा गणराज्य से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। जुनैद अहमद का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
Latest India News