79वां स्वतंत्रता दिवस LIVE: 'जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है', लाल किले से पीएम मोदी का संबोधन
79th Independence Day LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराकर देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार योजना, सुरक्षा के सुदर्शन चक्र मिशन, दिवाली से जीएसटी की दरें कम करने का ऐलान किया।

79th Independence Day LIVE: 79वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर देश भर में जश्न का माहौल है। मुख्य समारोह में लाल किले पर तिरंगा फहराने के बाद पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित किया। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे जाकर मारा है। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है। उन्होंने हर क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र के लिए आत्मसम्मान की सबसे बड़ी अनुभूति आत्मनिर्भरता है। उन्होंने दिवाली से जीएसटी दरें कम करने, युवा रोजगार योजना, सुदर्शन चक्र मिशन समेत कई बड़े ऐलान किए। स्वतंत्रता दिवस समारोह के हर अपडेट के लिए बने रहें इस पेज पर।
Live updates : 79th independence day flag hoisting pm modi speech live
-
August 15, 2025 9:33 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
छात्रों और पब्लिक के बीच पहुंचे पीएम मोदी
लाल किले से अपना भाषण खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों और वहां मौजूद पब्लिक के बीच पहुंचे और उनका अभिवादन किया।
-
August 15, 2025 9:26 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
'जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है',
'जिसने फौलादी चट्टानों को तोड़ा है, उसने ही समय को मोड़ा है', पीएम मोदी ने इसी उद्घोष के साथ अपने संबोधन को विराम दिया। राष्ट्रगान के साथ ही लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
-
August 15, 2025 9:24 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने सुदर्शन चक्र मिशन का किया ऐलान
पीएम मोदी ने कहा कि 2035 तक अहम स्थलों को सुरक्षा कवच देंगे। इसके लिए सुदर्शन चक्र मिशन की शुरुआत की जा रही है। अहम स्थलों को सुदर्शन चक्र की तरह सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। यह एक पावरफुल वेपन सिस्टम होगा। यह दुश्मन के हमले को रोकने के साथ ही कई गुना ताकत से हिटबैक भी करेगा। इस सुरक्षा कवच का लगातार विस्तार होगा। पीएम मोदी ने कहा कि श्री कृष्ण की प्रेरणा लेकर इसकी शुरुआत की जा रही है।
-
August 15, 2025 9:13 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने RSS की तारीफ की
आज मैं बहुत गर्व के साथ इस बात का जिक्र करना चाहता हूं। आज से 100 साल पहले एक संगठन का जन्म हुआ। राष्ट्रीय स्वयसेवक संघ.. 100 साल की राष्ट्र की सेवा एक बहुत ही गौरवपूर्ण स्वर्णिम पृष्ठ है। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण से लेकर संकल्प को लेकर 100 साल तक मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर स्वयसेवकों ने मातृभूमि के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। सेवा समर्पण संगठन और अप्रतिम अनुशासन जिसकी पहचान रही है। ऐसा राष्ट्रीय स्वयसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है। 100 साल का उसका समर्पण का इतिहास है। आज लाल किले की प्राचीर से 100 साल की इस राष्ट्र सेवा की यात्रा में योगदान करने वाले सभी स्वयसेवकों का आदरपूर्वक स्मरण करता हूं। देश गर्व करता है राष्ट्रीय स्वय सेवक संघ की इस 100 साल की भव्य समर्पित यात्रा को और हमें प्रेरणा देता रहेगा।
-
August 15, 2025 9:06 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
घुसपैठियों पर पीएम मोदी ने हाई पावर डेमोग्राफी मिशन का किया ऐलान
पीएम मोदी ने कहा-देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। घुसपैठिए हमारे रोजगार छीन रहे हैं। बहन बेटियों को निशाना बना रहे, ये बर्दाश्त नहीं होगा। ये देश सहन नहीं करेंगा। डेमोग्राफी बदलने से राष्ट्र की सुरक्षा पर संकट खड़ा होता है। कोई देश इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता है। हम ऐसी हरकतों को स्वीकर नहीं करें। हमने एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का फैसला लिया है। यह इस संकट को निपटाने के लिए तय समय में सुविचारित रूप से कार्य करेगा।
-
August 15, 2025 9:01 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विविधता हमारी बहुत बड़ी विरासत-पीएम मोदी
हम विविधता को सेलिब्रेट करना चाहते हैं। विविधता हमारी बहुत बड़ी विरासत है। गौरव है। प्रयागराज के महाकुभ में देखा। विविधता को कैसे जिया जाता है। हमारी भाषाएं जितनी समृद्ध होंगी उतनी ही हमारी ताकत बढ़ेगी। पांडुलिपी में ज्ञान के भंडार भरे हैं। उस ज्ञान की समृद्धि आनेवाली पीढ़ियों के लिए काम करे। ये देश सरकारें नहीं बनाती। यह देश कोटि-कोटि लोगों के पुरुषार्थ से बनता है।
-
August 15, 2025 8:47 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
गरीबी क्या होती है, मुझे किताबों में नहीं पढ़ना पड़ा-पीएम मोदी
गरीबी क्या होती है मुझे कभी किताबों में नहीं पढ़ना पड़ा है। सरकार फाइलों में नहीं होनी चाहिए, सरकार देश के नागरिकों की लाइफ में होनी चाहिए। 25 करोड़ से ज्यादा गरीब गरीबी की रेखा को पार कर चुके हैं।
-
August 15, 2025 8:47 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम धन धान्य कृषि योजना का ऐलान
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में किसानों के लिए पीएम धन धान्य कृषि योजना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि किसानों और मछुआरों के प्रति किसी कभी अहितकारी नीति के आगे मोदी दीवार बनकर खड़ा है। भारत अपने किसानों, पशुपालकों, मछुआरों के संबंध में कोई समझौता नहीं स्वीकार करेगा।
-
August 15, 2025 8:35 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का ऐलान
पीएम मोदी ने कहा हम युवाओं के लिए एक लाख करोड़ की योजना लागू कर रहे हैं। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना आज से ही लागू हो रही है। निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पानेवाले नौजवान को 15 हजार रुपये सरकार देगी। कंपनियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना साढ़े तीन करोड़ युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराएगी।
-
August 15, 2025 8:33 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
दिवाली पर पीएम मोदी ने किस तोहफे का किया ऐलान?
पीएम मोदी ने कहा कि इस दिवाली में आपको एक बहुत बड़ा तोहफा मिलने वाला है। पिछले 8 साल पहले हमने जीएसटी लाकर रिफॉर्म की शुरुआत की। अब समय की मांग के मुताबिक हमने इसका रिव्यू किया। राज्यों से भी विचार-विर्मश किया। अब हम दिवाली पर जीएसटी रिफॉर्म का तोहफा लेकर आ रहे हैं। इससे जीएसटी काफी कम हो जाएंगे, लोगों को राहत मिलेगी।
-
August 15, 2025 8:26 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
किसी की लकीर छोटी करने ऊर्जा न खपाएं-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा- किसी की लकीर छोटी करने के लिए अपनी ऊर्जा नहीं खपानी है। हमें पूरी ऊर्जा के साथ हमारी लकीर लंबी करनी है। अगर हम ऐसा करते हैं तो दुनिया भी हमारा लोहा मानती है। वैश्विक परिस्थिति में आर्थिक स्वार्थ तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए अब हमें अपनी लकीर लंबी करनी है। अगर हमने यह रास्ता चुन लिया तो कोई भी वैश्विक स्वार्थ हमें अपनी चंगुल नहीं फंसा सकता है।
-
August 15, 2025 8:24 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने लाल किले से समृद्ध भारत का दिया मंत्र
पीएम मोदी ने कहा-कोटि-कोटि लोगों के संकल्प से समृद्ध भारत बन सकता है। ये किसी राजनीति का मंत्र नहीं है। भारत की बनी हुई चीजें जिसमें देश की मिट्टी की गंध हो, जिसमें लोगों का पसीना लगा हो। समृद्ध भारत के लिए कदम उठाएं यही समय की मांग है।
-
August 15, 2025 8:13 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
देश का धन विदेश क्यों जाए-पीएम मोदी
क्या फाइटर विमानों का जेट इंजन अपना होना चाहिए या नहीं? क्या समय की मांग नहीं है? रिसर्च और डेवलपमेंट में और जोर लगाएं। जैसे दुनिया को हमने दिखा दिया यूपीआई की ताकत.. हमारे अपने प्लेटफॉर्म क्यों न हो? क्यों देश का धन बाहर जाए? फर्टीलाइजर के लिए हमें विदेशों पर निर्भर नहीं रहना पड़े। देश की जरूरत के मुताबिक हम अपना फर्टिलाइजर तैयार करें। हमने कोविड के समय यह करके दिखाया है। हमने वैक्सीन तैयार की।
-
August 15, 2025 8:09 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने सुधांशु शुक्ला, स्पेस मिशन का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा- सुधांशु शुक्ला स्पेस मिशन से लौट चुके हैं वे भारत आ रहे हैं। हम अपने बलबूते स्पेस में जाने और स्पेस स्टेशन बनाने के लिए काम कर रहे हैं। देश के तीन सौ से ज्यादा स्टार्टअप स्पेस के लिए काम कर रहे हैं।
-
August 15, 2025 8:07 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
समुद्र मंथन, क्रिटिकल मिनरल का पीएम मोदी ने किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा- हम समुद्र के भीतर तेल और गैस के भंडार को खोजने के लिए मिशन मोड में काम कर रहे हैं और एक नए मिशन की शुरुआत कर रहे हैं। इसके तहत समुद्र में छिपे ऊर्जा के भंडारों की खोज की जाएगी। हम क्रिटिकल मिनरल की टेक्नोलॉजी में अहम भूमिका है। 12 से अधिक जगहों पर खोज का अभियान चल रहा है। इस दिशा में भी हम आगे बढ़ रहे हैं।
-
August 15, 2025 8:02 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
टेक्नोलॉजी और ऊर्जा पर क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने टेक्नोलॉजी को देश के विकास की अहम जरूरत बताया और कहा कि इसी साल के अंत तक मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में आ जाएगी। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि 11 वर्ष में सोलर एनर्जी 30 गुना बढ़ चुकी है। हम नए-नए डैम बना रहे हैं ताकि हाइड्रो पावर का विकास हो। मिशन ग्रीन हाइड्रोनजन के तहत भारत हजारों करोड़ों का निवेश कर रहा है। न्यूक्लियर एनर्जी में भी भारत तेजी से पहल कर रहा है। 2047 तक हम परमाणु ऊर्जा क्षमता 10 गुना से भी अधिक बढ़ाने की क्षमता का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। प्राइवेट सेक्टर के लिए भी परमाणु ऊर्जा के द्वार खोल दिए गए।
-
August 15, 2025 7:56 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
आत्मसम्मान की सबसे बड़ी अनुभूति आत्मनिर्भरता-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा- एक राष्ट्र के लिए आत्मसम्मान की सबसे बड़ी अनुभूति आत्मनिर्भरता है। विकसित भारत का आधार भी है आत्मनिर्भरता। दुर्भाग्य तो तब होता है जब निर्भरता की आदत लग जाती है। ये आदत खतरे से खाली नहीं हैं। इसलिए आत्मनिर्भर होने के लिए जागरूक रहना पड़ता है। आत्मनिर्भरता सिर्फ आयात-निर्यात से जुड़ा नहीं है। यह हमारे सामर्थय से जुड़ा होता है। आत्मनिर्भऱता खत्म होती है तो सामर्थ्य भी खत्म होता जाता है। इसलिए सामर्थ्य को बचाए रखने के लिए आत्मनिर्भरता जरूरी है। ऑपरेशन सिंदूर में हमने देखा कि अगर हम आत्मनिर्भर नहीं होते तो ऑपरेशन सिंदूर इतनी गति से कर पाते। हमें इसकी चिंता बनी रहती कि पता नहीं कौन हथियार-सामान देगा, नहीं देगा। लेकिन भारतीय सेना आत्मनिर्भरता के साथ लगातार अपना काम करती रही। पिछले 10 साल से हम सेना में आत्मनिर्भरता को बल देते रहे, इसलिए ऑपरेशन सिंदूर को सफलता से अंजाम दे सके।
-
August 15, 2025 7:49 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे। देशवासियों को अब पता चल चुका है सिंधु समझौता कितना अन्यापूर्ण है। देश की नदियों का पानी दुश्मन की धरती को सींच रहा है और हमारा किसान पानी के लिए तरस रहा है।
-
August 15, 2025 7:49 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी ने कही ये बातें
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा- हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे जाकर मारा है। पहलगाम में जिस तरह से धर्म पूछ-पूछकर मार गया। पूरा हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ था। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है। 22 अप्रैल के बाद हमने सेना को खुली छूट दे दी। रणनीति. लक्ष्य, समय वो चुनें। और हमारी सेना ने वो करके दिखाया जो कई दशकों तक कभी हुआ नहीं था। सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती में घुसकर के उन्हें मिट्टी में मिला दिया। उन्होंने कहा कि अगर फिर ऐसा दुस्साहस किया तो हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे। अब हमने एक न्यू नॉर्मल प्रस्थापित किया है। आतंक को और आतंकियों को ताकत देने वालों को अब हम अलग-अलग नहीं मानेंगे...भारत ने तय कर लिया है कि परमाणु की धमकियों को अब हम सहने वाले नहीं है।
-
August 15, 2025 7:47 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
प्रकृति हमारी परीक्षा ले रही-पीएम मोदी
प्रकृति हम सबकी परीक्षा ले रही है। पिछले कुछ दिनों में भूस्खलन, बादल का फटना जैसी घटनाएं हुईं। राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर राहत और बचाव के काम में पूरी शक्ति के साथ जुटे हैं।
-
August 15, 2025 7:37 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
140 करोड़ देशवासियों के लिए संकल्पों का पर्व -पीएम मोदी
पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा- आजादी का यह महापर्व 140 करोड़ देशवासियों के लिए संकल्पों का पर्व है, सामूहिक सिद्धियों और गौरव का पर्व है। हृदय गर्व से भरा हुआ है। एकता की भावना को मजबूती मिल रही है। 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हैं।
-
August 15, 2025 7:32 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने फहराया तिरंगा
पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया। हेलीकॉप्टर्स से पुष्पवर्षा की गई। तिरंगा और ऑपरेशन सिंदूर का झंडा लहराया।
-
August 15, 2025 7:23 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लाल किला पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला पहुंच चुके हैं। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है।
-
August 15, 2025 7:13 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने बापू को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे। महात्मा गांधी की समाधि पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया। बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद पीएम मोदी अब लाल किला के लिए रवाना होंगे।
-
August 15, 2025 7:07 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम
7.20 बजे पीएम मोगी लाल किला पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य सीनियर अधिकारी उनका स्वागत करेंगे।
7.25 बजे पीएम मोदी गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करने के बाद लाल किले की प्राचीर पर जाएंगे।
7.27 बजे नेशनल फ्लैग गार्ड द्वारा राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी। वायुसेना बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा।
7.30 बजे दो एमआई 17 हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। एक हेलीकॉप्टर तिरंगा और दूसरा ऑपरेशन सिंदूर का ध्वज लेकर उड़ान भरेगा।
7.35 बजे पीएम मोदी लगातार 12 वीं बार देश को संबोधित करेंगे। वे अपने भाषण में सरकार की प्राथमिकताओं, अब तक की उपलब्धियों और भविष्य के विजन की बात रखेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीर चक्र से सम्मानित भारतीय वायुसेना के 9 और भारतीय सेना के 4 ऑफ़िसर्स और जवान मौजूद रहेंगे
-
August 15, 2025 6:50 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास पर तिरंगा फहराया
दिल्ली: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने आवास पर तिरंगा फहराया। देशवासियों को दी 79वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।
-
August 15, 2025 6:48 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पीएम मोदी ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह सुअवसर सभी देशवासियों के जीवन में नया जोश और नई स्फूर्ति लेकर आए, जिससे विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिले। जय हिंद!