A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 9 महीने पहले मैनपुरी से किडनैप हुई थी लड़की, परिजनों ने फेसबुक पर देखा तो उड़ गए होश

9 महीने पहले मैनपुरी से किडनैप हुई थी लड़की, परिजनों ने फेसबुक पर देखा तो उड़ गए होश

17 साल की एक लड़की को 9 महीने पहले उसके गांव के ही शख्स ने अगवा कर लिया था। लड़की के परिजनों ने अचानक लड़की की तस्वीर फेसबुक पर देखी तो उनके होश उड़ गए।

Mainpuri News, Mainpuri Girl Kidnapped, Mainpuri Kidnapping- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL लड़की की तस्वीरें परिजनों ने फेसबुक पर देखी थीं।

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से 9 महीने पहले कथित रूप से अगवा कर ली गई लड़की को जब उसके परिजनों ने फेसबुक पर देखा तो उनके होश उड़ गए। दरअसल, मैनपुरी जिले के कुर्रा थाना क्षेत्र की 17 साल की एक लड़की अजमेर में विवाहिता के रूप में मिली है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस लड़की को उसके गांव के समीप के एक गांव के एक शख्स ने अगवा कर लिया था और उसे अजमेर में विष्णु माली नाम के व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस ने बताया कि इसके बाद लड़की की शादी विष्णु माली से हो गई।

जानें कैसे खुला किडनैपिंग का राज?

विष्णु माली ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं, जिसके बाद पता चल गया कि लड़की अजमेर में है। कुर्रा थाने के प्रभारी अरविंद सिंह ने शनिवार को बताया, ‘एक गांव की 17 साल की यह लड़की मई 2024 में कोचिंग संस्थान जाते समय लापता हो गई थी। पास के गांव का नीरज उसको किडनैप कर उसे राजस्थान ले गया था, जहां उसने उसे विष्णु माली नाम के शख्स को सौंप दिया।’ उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने कुर्रा थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

‘फेसबुक पर शेयर की थीं शादी की तस्वीरें’

थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि जांच के दौरान सोशल मीडिया के जरिए पता चला कि लड़की अजमेर में है, क्योंकि विष्णु माली ने फेसबुक पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर की थीं। उन्होंने यह भी कहा कि लड़की को अजमेर से बरामद किया गया, जहां वह सुनहर मोहला राजगढ़ (राजस्थान) के विष्णु माली के साथ उसकी पत्नी के रूप में रह रही थी। उन्होंने बताया कि विष्णु माली को गिरफ्तार कर मैनपुरी लाया गया और विधिक कार्रवाई के तहत बुधवार को जेल भेज दिया गया।

‘लड़की ने मेडिकल जांच से इनकार कर दिया’

सिंह ने कहा कि विष्णु ने पुलिस को बताया कि नीरज लड़की को शादी के लिए उसके पास लाया था और शादी के बाद वे पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। उन्होंने कहा कि लड़की ने मेडिकल जांच से इनकार कर दिया और गुरुवार को उसका कोर्ट में बयान दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सच्चाई पता चल पाएगी। उन्होंने कहा, ‘जो अपराध किए गए हैं, उनके बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। नीरज की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और उसके पकड़े जाने के बाद तथ्य सामने आएंगे।’ (भाषा)

Latest India News