1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख की एक चोटी का नाम रखा जाएगा 'अभया', आरजी कर अस्पताल में गैंगरेप के बाद की गई थी हत्या

लद्दाख की एक चोटी का नाम रखा जाएगा 'अभया', आरजी कर अस्पताल में गैंगरेप के बाद की गई थी हत्या

आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर की बीते दिनों गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। इस बीच पर्वतारोहियों, वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की एक टीम ने लद्दाख में एक चोटी का नाम प्रतीकात्मक तौर पर 'अभया' रखने का फैसला किया है।

A peak in Ladakh will be named Abhaya she was gang-raped and then murdered in RG Kar Hospital- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

पर्वतारोहियों, वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की एक टीम लद्दाख के लेह जिले के सुदूर त्सो-मोरीरी क्षेत्र में एक अभियान के तहत एक अनाम चोटी पर चढ़ाई करेगी। इसके साथ ही 6,105 मीटर ऊंची इस चोटी का नाम प्रतीकात्मक तौर पर ‘अभया’ रखा जाएगा। पिछले साल कोलकाता स्थित आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। टीम ने इस चोटी का नाम महिला चिकित्सक की याद में रखने का फैसला किया है। प्रोजेक्ट सीमा (सस्टेनेबल एम्पावरमेंट एंड एक्सप्लोरेशन इन माउंटेनस एरियाज) नामक इस अभियान का उद्देश्य पर्वत अन्वेषण को सामाजिक, वैज्ञानिक और विकासात्मक पहल से जोड़ना है। यह समूह हिमालय के चुनौतीपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र में ग्लेशियरों, नदियों, झीलों, कृषि और जलवायु परिवर्तन पर भी अध्ययन करेगा। 

लद्दाख की एक चोटी का नाम रखा जाएगा अभया

अभियान का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ पर्वतारोही देबाशीष बिस्वास ने लेह से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उनकी (महिला चिकित्सक) मौत ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया। हम इन अनाम चोटियों में से एक को उन्हें समर्पित करके उनका का सम्मान करना चाहते हैं और इसलिए, इसका नामकरण उनके प्रतीकात्मक नाम पर ‘अभया’ किया जाएगा।’’ कोरजोक फु में आधार शिविर स्थापित करने वाली इस टीम में पूरे भारत के प्रमुख प्रोफेसर, शोधकर्ता, जलवायु विशेषज्ञ, चिकित्सा पेशेवर और सामाजिक विकास कार्यकर्ता शामिल हैं।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज में गैंगरेप के बाद की गई थी हत्या

गौरतलब है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी छात्रा का गैंगरेप कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले के सामने आने के बाद पूरे देश में गुस्सा था। इसे लेकर डॉक्टरों द्वारा व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस घटना का मुख्य आरोपी फिलहाल जेल की सलाखों के पीछे हैं और उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई जारी है। 

(इनपुट-भाषा)

Latest India News