नई दिल्ली: इंडिया टीवी के लोकप्रिय शो आप की अदालत में इस बार के मेहमान BJP सांसद निशिकांत दुबे थे। उन्होंने शो के एंकर और इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के सवालों के खुलकर जवाब दिए। निशिकांत दुबे ने ये भी बताया कि वह केंद्र सरकार में मंत्री बनना चाहते हैं या झारखंड का मुख्यमंत्री, जहां से वह आते हैं।
निशिकांत ने बताई अपनी इच्छा
निशिकांत दुबे ने बताया कि राजनीति में इच्छा सबकी होती है। लेकिन जब एमपी बनने का मेरे मन में था कि मैं एमपी बनूंगा, तो मेरे लिए जो टारगेट थे वो मीनू मसानी, नाथ पाई, मधु लिमये, जॉर्ज फर्नांडिस और अटल बिहारी वाजपेयी थे। मंत्री को कौन जानता-पहचानता है। और पार्टी ने जो मौका मुझे दिया, मैं आज ये कह सकता हूं कि सांसद के रूप में जो मेरा योगदान होना चाहिए वो पार्लियामेंट में है और मैं इसी में खुश हूं।
जब रजत शर्मा ने निशिकांत दुबे से पूछा कि आप इसी में खुश हैं कि आपकी वजह से पार्लियामेंट चलती नहीं है? तो इसके जवाब निशिकांत दुबे बोले कि नहीं, मैं इसी में खुश हूं कि मैं जनता तक सही बातों को पहुंचा पाने में सक्षम हूं और पार्टी इसमें मुझे पूरा मौका देती है।
राहुल-प्रियंका की तुलना पर की टिप्पणी
आप की अदालत में निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तुलना पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर आप मुझसे राहुल गांधी की तुलना प्रियंका गांधी से करने को कहें, तो मैं कहूंगा कि पार्लियामेंट में प्रियंका गांधी ज्यादा कॉन्फिडेंट दिखती हैं। राहुल गांधी तो मेरे इस बयान से नाराज भी हैं। अगर उनका व्यवहार इसी प्रकार का रहेगा, तो वे कांग्रेस पार्टी को कैसे चला पाएंगे।
Latest India News