1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बाइक चोरी कर भाग रहे थे 3 युवक? हादसे में 2 की मौत, मौके पर मिले सिगरेट के पैकेट

बाइक चोरी कर भाग रहे थे 3 युवक? हादसे में 2 की मौत, मौके पर मिले सिगरेट के पैकेट

केरल के अलप्पुझा में गुरुवार तड़के तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस को संदेह है कि बाइक चोरी की थी और तीनों बिना हेलमेट यात्रा कर रहे थे। घटनास्थल पर मिले सिगरेट पैकेट से दुकान में चोरी का शक भी गहराया है।

Alappuzha Bike Accident, Kerala Bike Accident, Stolen Bike Accident- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL अलप्पुझा में बाइक दुर्घटना में 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

Highlights

  • केरल के अलप्पुझा में बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई।
  • तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था युवक, तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
  • घटनास्थल पर सिगरेट के पैकेट मिले, CCTV फुटेज से पुलिस तलाश रही सुराग।

अलप्पुझा: केरल के अलप्पुझा में गुरुवार तड़के एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, जिस मोटरसाइकिल पर तीनों सवार थे, उसके चोरी की होने का संदेह है। हादसा शहर के कैचूंडमुक्कु इलाके में सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल चला रहा युवक तेज रफ्तार में था और उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था और बाइक काफी तेज गति से चलाई जा रही थी।

2 की मौके पर मौत, तीसरा अस्पताल में भर्ती

स्थानीय लोगों से हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 2 युवक मृत मिले, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल था। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत अलप्पुझा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल मृतकों और घायल युवक की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस को शक है कि तीनों अलप्पुझा शहर के मनांचेरी इलाके के रहने वाले हो सकते हैं। मृतकों की पहचान पता करने के लिए पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसके मालिक का पता लगाया और उससे संपर्क किया। 

बाइक के मालिक ने दिया चौंकाने वाला बयान

पुलिस के मुताबिक, बाइक का मालिक फिलहाल शहर से बाहर है। उसने पुलिस को बताया कि उसने मोटरसाइकिल किसी को नहीं दी थी। उसके मुताबिक, बाइक मनांचेरी स्थित उसके घर में खड़ी थी। इस बयान के बाद पुलिस को आशंका है कि हादसे में शामिल युवक बाइक चोरी करके ले गए थे। पुलिस को हादसे की जगह पर सिगरेट के कई पैकेट बिखरे हुए भी मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस को संदेह है कि हादसे से पहले युवकों ने किसी दुकान से सिगरेट चोरी की हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है और मामले की जांच जारी है।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

हादसे की असली वजह और उससे पहले की घटनाओं का पता लगाने के लिए पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस घायल युवक से भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। उसके बयान से मृत दोनों युवकों की पहचान और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। अलप्पुझा नॉर्थ पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाइक के मालिक से वाहन चोरी होने की शिकायत भी लेगी। इसके बाद मोटरसाइकिल चोरी के संदेह को लेकर अलग से जांच की जाएगी। बता दें कि अभी हाल ही में एक खबर आई थी जिसमें चोरों ने कुत्ते के मुंह पर टेप चिपकाकर लाखों की चोरी की थी(PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: मास्क और ग्लव्स पहनकर पूरी तैयारी के साथ खाली घर में चोरी करने गया युवक, रंगे हाथों पकड़ा गया

Latest India News