A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आंध्र प्रदेश में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत, PM ने किया मुआवजे का ऐलान

आंध्र प्रदेश में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत, PM ने किया मुआवजे का ऐलान

आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के कोटावुराटला मंडल के कैलासपट्टनम में पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई है, जिसमें कई लोगों को जान गंवाना पड़ा है।

Andhra Pradesh- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE PIC अनकापल्ली जिले में बड़ा हादसा

अनकापल्ली: आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के कोटावुराटला मंडल के कैलासपट्टनम में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई है। खुद गृह मंत्री ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है।

सीएम का बयान सामने आया

आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू का भी इस हादसे पर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अनकापल्ली जिले के कोटावुराटला में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में श्रमिकों की मौत दुखी करने वाली है। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और राज्य की गृह मंत्री अनिता से फोन पर बात की है। 

सीएम ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ितों के परिवारों का समर्थन करेगी और उनसे मजबूत बने रहने का आग्रह किया। 

सीएम ने अधिकारियों को घटना की गहन जांच करने और उन्हें एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि घायल श्रमिकों में से दो की हालत गंभीर है। ये जानकारी आंध्र प्रदेश सीएमओ के हवाले से सामने आई है।

विस्फोट का कारण पता नहीं चला 

एसपी तुहिन सिन्हा ने कहा कि विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। चंद्रबाबू नायडू ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों से रिपोर्ट सौंपने को कहा है। यह घटना दोपहर करीब 12:45 बजे हुई और अधिकारी फिलहाल शवों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी मौके पर पुलिस की मदद कर रहे हैं। वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी दुख जताया और सरकार से पीड़ितों की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं से हर संभव मदद करने को कहा।

PM ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर जानकारी दी कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Latest India News