Assembly Election: असम, केरल और पुडुचेरी में बंपर वोटिंग, अब 4 मई को आएंगे नतीजे
Assembly Election 2026 LIVE: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग हुई। दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में वोट डाले गए।

Assembly Election 2026 LIVE: असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई। असम की 126 विधानसभा सीटों पर, जबकि केरल में 140 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए। पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई। यानी 2 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले गए। असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान हुए।
2 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चली। इन सभी राज्यों के वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। वोटिंग को लेकर इन तीनों ही राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। विधानसभा चुनाव में असम और केरल की कई सीटें ऐसी हैं, जिन्हें हाई-प्रोफाइल और प्रतिष्ठित सीटें माना जा रही हैं। इन सीटों पर बड़े नेताओं की साख दांव पर है और इनके नतीजे चुनाव की दिशा तय कर सकते हैं।
असम की दिसपुर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, नगांव, सिलचर, धुबरी इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र की अहम सीट राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, केरल की तिरुवनंतपुरम, नेमोम, पलक्कड़, त्रिशूर, मंजेश्वरम और कोझिकोड नॉर्थ सीट राज्य की हॉट सीटें हैं, जिस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
Live updates : Assembly Election 2026 LIVE:
-
April 09, 2026 9:02 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम, केरल और पुडुचेरी में कहां सबसे ज्यादा वोटिंग?
असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों में मतदाताओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के शाम 7.30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पुडुचेरी में सबसे ज़्यादा 89.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद असम का नंबर रहा, जहां 126 विधानसभा सीटों पर 85.10 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं केरल में भी 77.50 प्रतिशत मतदान के साथ लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
-
April 09, 2026 5:53 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम, केरल और पुडुचेरी में बंपर वोटिंग
असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग के 5 बजे तक के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो तीनों ही सूबों में बंपर वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों को मुताबिक, शाम 5 बजे तक असम में 84.42 फीसदी, केरल में 75.01 फीसदी और पुडुचेरी में 86.92 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
-
April 09, 2026 5:38 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
कामरूप से आया EVM सील करने का वीडियो
असम विधानसभा चुनावों में मतदान समाप्त होने पर कामरूप में EVM और VVPAT को सील करते मतदान अधिकारी। एक पीठासीन अधिकारी ने कहा, 'मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मैं चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का धन्यवाद करता हूं।'
-
April 09, 2026 4:59 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) के महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ ने गुवाहाटी में कहा, 'हमने उदलगुरी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार सुरेन दैमारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिन्होंने पार्टी के खिलाफ बयान दिए और इस्तीफा दे दिया। हम चाहते हैं कि उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए। हमने हमेशा उनका समर्थन किया, और वे हमारे खिलाफ जो आरोप लगा रहे हैं, वे सच नहीं हैं।'
-
April 09, 2026 3:43 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
3 बजे तक असम, केरल और पुडुचेरी में कितनी वोटिंग?
असम, केरल और पुडुचेरी में वोटिंग के 3 बजे तक के आंकड़े सामने आए हैं। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों को मुताबिक, 3 बजे तक असम में 75.91 फीसदी, केरल में 62.71 फीसदी और पुडुचेरी में 72.40 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
-
April 09, 2026 3:41 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
असम और केरल में बंपर वोटिंग
अब तक जो वोटिंग का ट्रेंड दिखने को मिल रहा है उससे लग रहा है कि इस बार फिर असम और केरल में बंपर वोटिंग हो रही है। असम में अब तक 70 प्रतिशत से ज्यादा वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। केरल में 60 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है।
-
April 09, 2026 2:08 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
असम, केरल और पुडुचेरी में दोपहर 1 बजे तक कितने प्रतिशत हुई वोटिंग?
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। मतदान केंद्र में वोटरों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक दोपहर एक बजे तक असम में 59.63 प्रतिशत, केरल में 49.70 प्रतिशत और पुडुचेरी में 56.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अब तक के रुझानों में असम मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे बना हुआ है, जबकि केरल और पुडुचेरी में भी मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। शाम तक मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
-
April 09, 2026 2:02 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
पुडुचेरी में 11 बजे तक 37.06 प्रतिशत वोटिंग
पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक 37.06 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद से ही मतदाताओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखी गई। विशेषकर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्रों में काफी चहल-पहल रही तथा वहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग मतदाता एवं महिलाएं मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर आए।
-
April 09, 2026 11:52 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने डाला वोट
केरल में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। मतदाता केंद्र में लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने वझुथाकाड के कॉटन हिल स्थित सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल में अपना वोट डाला है। इस दौरान उनके साथ समर्थक भी देखे गए।
-
April 09, 2026 11:19 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
असम के मंत्री पीयूष हजारिका ने डाला वोट
असम के मंत्री और जागीरोड विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार पीयूष हजारिका और उनकी पत्नी अभिनेत्री एमी बरुआ ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान पूलिंग बूथ पर काफी भीड़ जमा रही।
-
April 09, 2026 10:41 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
केरल के अलग-अलग विधानसभा सीटों का आया वोटिंग प्रतिशत
केरल के अलग-अलग विधानसभा सीटों का मतदान प्रतिशत सामने आया है। इसमें पिछले तीन घंटों के अंदर का वोटिंग प्रतिशत दिखाया गया है। पहले तीन घंटे में कुल मतदान 16.23 फीसदी हुआ है।
- तिरुवनंतपुरम: 16.23%
- कोल्लम: 16.04%
- पथानामथिट्टा: 17.25%
- आल्लप्पुझा: 17.90%
- कोट्टयम: 17.39%
- इडुक्की: 16.97%
- एर्नाकुलम: 17.80%
- त्रिशूर: 17.26%
- पाल्लक्काड: 17.74%
- मल्लप्पुरम: 16.89%
- कोझिकोड: 17.68%
- वायनाड: 16.77%
- कन्नूर: 17.45%
- कासरगोड: 16.50%
-
April 09, 2026 10:08 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सुबह 9 बजे तक तीनों राज्यों के आए वोटिंग प्रतिशत
असम, केरल और पुडुचेरी में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे हुए हैं। वोटिंग के जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक आज हो रहे विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक तीनों राज्यों में मतदान ने रफ्तार पकड़ ली है।
सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा है:
- असम — 17.87%
- केरल — 16.23%
- पुडुचेरी — 17.41%
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शुरुआती रुझानों में असम सबसे आगे नजर आ रहा है, जबकि केरल और पुडुचेरी में भी मतदान लगातार बढ़ रहा है। चुनाव अधिकारियों को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और तेजी आएगी और दोपहर बाद वोटिंग अपने चरम पर पहुंच सकती है।
-
April 09, 2026 9:28 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
केरल में बनेगी UDF की सरकार- जेबी माथेर
केरल की आलुवा विधानसभा सीट पर कांग्रेस की राज्यसभा सांसद जेबी माथेर ने अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, 'मैंने वोट डाल दिया है। केरल की जनता ने तय कर लिया है कि केरल में UDF की सरकार बनेगी और उसे 100 सीटें मिलेंगी।'
-
April 09, 2026 9:06 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
केसी वेणुगोपाल ने केरल में डाला वोट
केरल में बड़ी संख्या में लोग वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने अंबालापुझा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला है। केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है।
-
April 09, 2026 8:35 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
केरल में अब तक 4.40 प्रतिशत हुआ मतदान
केरल विधानसभा चुनाव के तहत मतदान की शुरुआत के साथ ही शुरुआती घंटों में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक कुल 4.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है और चुनाव अधिकारियों को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आएगी।
-
April 09, 2026 8:31 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सीएम पिनरायी विजयन ने डाला वोट
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने धर्मडम में अपना वोट डाला, जब CM पहुंचे तो बूथ में मतदाताओं की लम्बी कतार थी लेकिन उन्हें सीधी एंट्री मिली। मतदान के बाद बूथ के बाहर मीडिया को सम्बोधित करते हुए CM ने कहा कि ये चुनाव केरल के भविष्य का चुनाव है विकसित केरल को और ज्यादा गति LDF ही दे सकती है। कठिन चुनौतियों के बावजूद LDF के 10 साल का ट्रेक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। जनता उससे पहले के शासन को भी नहीं भूली है, CM ने कहा कि अगर LDF नहीं है तो राज्य में विकास की गति पर ब्रेक लग जायेगा।
-
April 09, 2026 7:59 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
चुनाव के बीच पीएम मोदी ने असम के लोगों से की खास अपील
पीएम मोदी ने असम के लोगों से भी खास अपील की है। आज असम की 126 विधानसभा पर वोट डाले जा रहे हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, '2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होने के संदर्भ में, मैंने असम की जनता से बड़ी संख्या में बाहर आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा, पुरुष और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य के एक उत्सव में बदल देंगे।'
-
April 09, 2026 7:55 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
पुडुचेरी के मतदाताओं से पीएम मोदी की अपील
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। पीएम मोदी ने पुडुचेरी के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'जैसे ही पुडुचेरी विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं, मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करें। पुडुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है।'
-
April 09, 2026 7:50 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
वोटिंग के बीच केरल के लोगों से पीएम मोदी की खास अपील
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इस बीच पीएम मोदी ने केरल के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'मैं केरल के लोगों से 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूं। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और बड़ी संख्या में मतदान करें।'
-
April 09, 2026 7:08 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
CPI(M) नेता एलामराम करीम ने जनता से की अपील
केरल के कोझिकोड में CPI(M) नेता एलामराम करीम ने कहा, 'मैं मतदाताओं से खासकर कोझिकोड जिले के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे LDF के पक्ष में अपना वोट डालें। LDF ने चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करके अपनी विश्वसनीयता साबित की है। (2021 के चुनावों में किए गए) 97% वादे पूरे किए जा रहे हैं। बाकी वादे भी पूरे होने की प्रक्रिया में हैं। राजनीतिक पार्टियों के मामले में यह एक विश्व रिकॉर्ड है। कांग्रेस ने अपने चुनावी वादों को कभी पूरा नहीं किया है।'
-
April 09, 2026 7:05 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
पोलिंग सेंटर के बाहर वोट डालने के लिए उत्साहित हैं Gen-Z
असम के दिसपुर में सरुमटोरिया LP स्कूल पोलिंग स्टेशन के बाहर वोटरों की कतार लगी हुई है। एक युवा वोटर ने कहा, 'इस बार यह बहुत चुनौतीपूर्ण है क्योंकि कई विवाद चल रहे हैं। हम नतीजों को लेकर उत्साहित हैं। इस बार कई Gen-Z उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, तो देखते हैं क्या होता है।'
-
April 09, 2026 6:57 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
वोट डालने पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी
केरल की नट्टिका विधानसभा सीट से LDF उम्मीदवार गीता गोपी और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी, त्रिशूर के गुरुवायूर देवसोम इंग्लिश मीडियम स्कूल में वोट डालने पहुंचे। सुरेश गोपी केरल के त्रिशूर से सांसद हैं, केंद्र में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में राज्य मंत्री भी हैं। इस दौरान उनके समर्थक भी मतदान सेंटर पर दिखाई दिए।
-
April 09, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र में की गई मॉक पोलिंग
केरल के वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 77-79 के लिए सेंट जोसेफ HSS स्कूल में मतदान की तैयारियों के तहत मॉक पोलिंग की गई। इस दौरान देखा गया कि ईवीएम मशीन सही से काम कर रही हैं कि नहीं। मतदान केंद्र में वोटिंग के दौरान किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं आ रही है। मॉक पोलिंग में इन सारी चीजों को देखा गया है।