A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बर्फ से ढंके केदारनाथ मंदिर का खूबसूरत वीडियो आया सामने, जानें कब खुलेंगे कपाट

बर्फ से ढंके केदारनाथ मंदिर का खूबसूरत वीडियो आया सामने, जानें कब खुलेंगे कपाट

केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे। इससे पहले मंदिर का वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरा मंदिर परिसर बर्फ से ढंका नजर आ रहा है। चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग की शुरुआत हो चुकी है।

Kedarnath Snowfall- India TV Hindi
Image Source : X/RUDRAPRAYAGPOLICE केदारनाथ धाम

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों जमकर बर्फबारी हो रही है। इस वजह से केदारनाथ धाम भी बर्फ से पूरी तरह ढंक गया है। मंदिर परिसर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चारों तरफ बर्फ नजर आ रही है। सभी मंदिर बर्फ से ढंके हुए हैं और कपाट बंद हैं। केदारनाथ मंदिर के कपाट ठीक एक महीने बाद 22 अप्रैल को खुलेंगे। वहीं, बद्रीनाथ मंदिर के कपाट  23 अप्रैल को खुलेंगे। चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग भू शुरू हो चुकी है।

केदारनाथ धाम में लगातार भारी बर्फबारी ने पूरे केदारनाथ शहर को लगभग तीन से चार फीट बर्फ की मोटी परत से ढक दिया है। खराब मौसम और माइनस में तापमान के बावजूद, उत्तराखंड पुलिस और इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवान पूरी तरह अलर्ट हैं और सुरक्षा बनाए हुए हैं। ऐसे मुश्किल हालात में भी जवान मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा पक्का करने के लिए रेगुलर पेट्रोलिंग करते रहते हैं।

3-5 फीट मोटी बर्फ की चादर

लगातार बर्फबारी के कारण पूरा धाम 3-5 फीट तक बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। तापमान माइनस 16-17 डिग्री तक पहुंच गया। इस वजह से चारधाम यात्रा की तैयारियों पर असर पड़ रहा है। तय शेड्यूल के अनुसार डोली 19 अप्रैल को ऊखीमठ से प्रस्थान करेगी और 22 अप्रैल को विधि-विधान से केदारनाथ धाम के पट खोले जाएंगे। बर्फ हटाने और रास्ते तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। अभी मार्च में भारी बर्फबारी हो रही है, लेकिन अप्रैल तक सब साफ होने की उम्मीद है।

रूद्रप्रयाग पुलिस ने शेयर किए वीडियो

रूद्रप्रयाग पुलिस ने कई वीडियो शेयर कर केदारनाथ धाम का नजारा दिखाया है, जिसमें जवान बर्फ हटाने का काम करते नजर आ रहे हैं। पहले वीडियो के साथ लिखा गया, "सफेद बर्फ की चादर में लिपटे बाबा केदार! ​केदारनाथ धाम का यह विहंगम नजारा मन को शांति और आनंद से भर देता है। जितनी सुंदर यह छटा है, उतने ही जांबाज हमारे पुलिस और ITBP के जवान हैं जो इस हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी सुरक्षा में तैनात हैं।" वहीं, दूसरे वीडियो के साथ लिखा गया, "हाड़ कंपा देने वाली ठंड पर हौसला हिमालय से भी ऊंचा! ​भारी बर्फबारी के बीच श्री केदारनाथ धाम में विषम परिस्थितियों की परवाह किए बिना पुलिस और सुरक्षा बल के जवान स्वयं बर्फ हटाकर अपनी बैरकों और परिसर को सुगम बना रहे हैं। जवानों के इस जज्बे को सलाम!"

यह भी पढ़ें-

'24 सालों से अधिक समय तक बिना छुट्टी', सार्वजनिक जीवन में PM मोदी के रिकॉर्ड 8931 दिन, अमित शाह ने दी प्रतिक्रिया

समाज से बहिष्कृत किए गए पूर्व विधायक और उनके परिजन, दूसरी जाति के लड़के से बेटी की सगाई करने पर हुई कार्रवाई

 

 

 

Latest India News