1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Breaking News in Hindi Live : पढ़िए देश-दुनिया की बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट

Breaking News in Hindi Live : पढ़िए देश-दुनिया की बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट

Breaking News in Hindi Live : देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए आप बने रहिए इंडिया टीवी के LIVE ब्लॉग के साथ...

Breaking News in Hindi Live :  हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से छूट ना जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। पढ़ें दिन भर के बड़े अपडेट्स...

 

Latest India News

Live updates : Breaking News in Hindi Update 20 August 2022

  • 7:27 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार में ट्रेन से 68 कछुओं को बचाया गया

    रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार को किशनगंज स्टेशन पर अजमेर-किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस के एक डिब्बे से 68 कछुओं को बचाया। आरपीएफ निरीक्षक बी. एम. धर ने कहा, आरपीएफ कर्मियों के एक दल ने नियमित निरीक्षण के दौरान ट्रेन के एस-5 डिब्बे में सात लावारिस बैगों से 68 जीवित कछुओं को बरामद किया गया। ट्रेन अजमेर से किशनगंज आई थी। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरपीएफ ने इन कछुओं की बरामदगी के बारे में जिला वन विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है।

    उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारी बचाए गए कछुओं को अपने कब्जे में लेने के बाद वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू करेंगे। आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को संदेह है कि कछुओं का अजमेर से अवैध शिकार किया गया था और अंतरराष्ट्रीय काला बाजारों के लिए कोलकाता और आसपास के अन्य शहरों में इनकी तस्करी की जा रही थी। 

  • 7:27 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    कांग्रेस की 'हल्‍लाबोल महारैली' की तैयारी के लिए बैठक 22 अगस्‍त को

    कांग्रेस द्वारा नयी दिल्ली में चार सितंबर को प्रस्तावित 'हल्‍लाबोल महारैली' की तैयारियों के लिए पार्टी पदाधिकारियों की बैठक यहां सोमवार को होगी। बैठक में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल व राजस्थान प्रभारी अजय माकन भी भाग लेंगे। पार्टी के एक प्रवक्‍ता ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘देश में बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने चार सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'हल्लाबोल महारैली' की घोषणा की है। इसकी तैयारियों के लिये प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक 22 अगस्त को यहां एक होटल में होगी।’

    कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी.वेणुगोपाल, पार्टी के राजस्थान प्रभारी अजय माकन, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित मंत्री व विधायक भी भाग लेंगे।

  • 7:26 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार में अदालत के बाहर कर्मचारी की गोली मार कर हत्या

    बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने एक अनुमंडल अदालत के एक कर्मचारी की प्रवेश द्वार पर गोली मार कर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान संजय ठाकुर (45) के रूप में हुई है।

    अरेराज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रंजन कुमार ने बताया, ठाकुर को सुबह करीब साढ़े दस बजे अरेराज अनुमंडल अदालत परिसर में प्रवेश करते समय मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। पास के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस अधिकारी भी अपराधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।'

  • 7:26 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    दलित युवक की जूतों से पिटाई का वीडियो वायरल; ग्राम प्रधान गिरफ्तार

    यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान और पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा एक दलित युवक की कथित रूप से जूतों से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ताजपुर के ग्राम प्रधान शक्ति मोहन गुर्जर और रेता नगला ग्राम के पूर्व प्रधान गजे सिंह ने दलित युवक दिनेश कुमार (27) को जूतों से पीटा और उसे जान से मारने की धमकी दी।

    पुलिस अधीक्षक (नगर) अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने ताजपुर के ग्राम प्रधान शक्ति मोहन गुर्जर और ग्राम रेता नगला के पूर्व ग्राम प्रधान गजे सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं (323, 504, 506) और अनुसूचित जाति, जनजाति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्‍होंने बताया कि इस संबंध में ग्राम प्रधान शक्ति मोहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। 

  • 6:14 PM (IST) Posted by Swayam Prakash

    मुंबई पुलिस ने धमकी मामले में वर्ली पुलिस थाने में केस रजिस्टर किया

    मुंबई पुलिस ने धमकी मामले में वर्ली पुलिस थाने में केस रजिस्टर किया है। FIR में जानकारी दी गई है की 923029858353 से कल रात को 11 बजे के करीब 26 मैसेज और 2 स्क्रीन शॉट भेजे गए थे, जिसमें 26/11 जैसे धमाके करने की बात की गई है।

  • 5:22 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    भारत के स्टार ओलंपिक फुटबॉल कप्तान समर ‘बद्रू’ बनर्जी का निधन

    मेलबर्न 1956 ओलंपिक में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही भारतीय फुटबॉल की टीम अगुआई करने वाले पूर्व कप्तान समर ‘बद्रू’ बनर्जी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार तड़के यहां निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। बनर्जी के परिवार में उनकी बहू है। 'बद्रू दा' के नाम से मशहूर बनर्जी अल्जाइमर, एजोटेमिया और उच्च रक्तचाप से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद 27 जुलाई को एमआर बांगर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    मोहन बागान के सचिव देबाशीष दत्ता ने पीटीआई को बताया, ‘उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास की देखरेख में सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने तड़के करीब दो बजकर 10 मिनट पर अंतिम सांस ली।’

  • 5:22 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    महाराष्ट्र: दवा वितरक के खिलाफ मामला दर्ज

    महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में पांच गोदामों में कथित रूप से 60 लाख रुपये मूल्य की ऐसी दवाएं रखने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है जिनकी उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी थी। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। नरपोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 17 अगस्त को पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन कर्मियों के एक दल ने कोपर गांव स्थित गोदामों पर छापा मारा।

    उन्होंने बताया, ''हमें बड़ी मात्रा में ऐसी गोलियां मिलीं जिन्हें आरोपी ने दोबारा से तैयार करने के बाद नए रूप में बाजार में उतारने की योजना बनाई थी। हालांकि, पांच गोदामों का उपयोग करने वाले दवा वितरक को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।'' उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के साथ-साथ औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के तहत 18 अगस्त को एक मामला दर्ज किया गया था और इस मामले की जांच की जा रही है।

  • 5:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश

    राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, शाहदरा, लक्ष्मी नगर, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग और द्वारका उन इलाकों में शामिल हैं, जहां बारिश हुई। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। 

    विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 79 फीसदी थी। वहीं, अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 73 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

  • 5:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    हाईटेंशन तार गिरने से खेत में काम कर रही दो महिलाओं की मौत

    उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की दोपहर हाईटेंशन तार टूट कर गिर जाने से खेत में काम कर रहीं दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया आज दोपहर छितौनी गांव में चंद्रवती (55) तथा एक अन्य महिला उषा देवी (60) खेत में मवेशियों के लिए घास काट रही थी, तभी अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का एक तार टूट कर उनके ऊपर गिर गया जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गईं जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्‍होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिलाओं की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा बिजली विभाग से परिजनों को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

  • 5:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पर्यावरण मानदंडों का उल्लंघन करने वाले मुरथल के रेस्तरां को बंद करें : एनजीटी

    राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने हरियाणा के मुख्य सचिव को पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाले मुरथल के रेस्तरां और सड़क किनारे भोजनालयों को बंद करने को कहा है। साथ ही, मुख्य सचिव को पर्यावरण और लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को लेकर एक बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति ए के गोयल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखी है और पर्यावरण को लगातार नुकसान हो रहा है। पीठ ने कहा कि सड़क किनारे के सभी ढाबों, भोजनालयों, रेस्तरां को उनके तरल और ठोस कचरे के प्रबंधन और सामान्य साफ-सफाई की स्थिति बनाए रखने की आवश्यकता है।

  • 3:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    लोक कलाओं की हमारी परंपराओं को बचाए रखना जरूरी: मि‍श्र

    राजस्‍थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को कहा कि आधुनिकता के शोरगुल में लोक कलाओं की हमारी परंपराओं को बचाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोक कलाओं की पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही विरासत को समय संदर्भों के साथ संरक्षित और विकसित करने का आह्वान किया। मिश्र राजभवन में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) द्वारा आयोजित ‘कला संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा, “जिस तरह से हमारे यहां शास्त्रीय नृत्य और संगीत के घराने हैं, उसी तरह राजस्थान में लोक कलाओं के घराने हैं। इन घरानों ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी सहेजकर रखा है।”

  • 3:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    प्रेशर हॉर्न, साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर जुर्माना लगा रही है ट्रैफिक पुलिस

    दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को बताया कि उसने वाहनों में प्रेशर हॉर्न और परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। यातायात पुलिस ने ट्विटर के माध्यम से लोगों को इस अभियान के संबंध में सूचित किया है। उसने ट्वीट किया है, ‘दिल्ली यातायात पुलिस अपने वाहनों में प्रेशर हॉर्न, परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर जुर्माना लगाएगी। दिल्ली में शोर नहीं।’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस पहले भी ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती थी, लेकिन अब उन पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।

  • 3:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    महाराष्ट्र: पुणे में तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर 2 लड़कियों की मौत

    महाराष्ट्र के पुणे जिले में शनिवार को तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो नाबालिग बहनों की कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र मोकाशी ने कहा कि छकुली कुमार शितोले (17) और उसकी बहन राजश्री (10) अपने चाचा के साथ स्कूल जा रही थीं, तभी लोनी कालभोर इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि लड़कियां और उनके चाचा मोटरसाइकिल से गिर गए, लेकिन ट्रक चालक उन्हें टक्कर मारने के बाद वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और लड़कियों की कुचलकर मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मामले की जांच जारी है।

  • 3:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    भारत में अवैध रूप से दाखिल होने के आरोप में दो बांग्लादेशियों को 5-5 साल की जेल

    असम की एक अदालत ने भारत में पिछले साल अवैध तरीके से दाखिल होने के आरोप में दो बांग्लादेशियों को पांच-पांच साल कैद की सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दोनों बांग्लादेशियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है, जिनकी पहचान अब्दुल हई और निरंजन घोष के तौर पर की गई है। हई बांग्लादेश के कुरग्राम जिले, जबकि घोष वहां के जमालपुर जिले का रहने वाला है।

  • 3:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पंजाब के होशियारपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर डीएमयू ट्रेन ने ट्रक को टक्कर मारी

    पंजाब के होशियारपुर से करीब 16 किलोमीटर दूर मंडियाला गांव में एक रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रक चालक उस वक्त बाल-बाल बच गया, जब जालंधर जा रही डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) ट्रेन ने ट्रक को टक्कर मार दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना शुक्रवार की रात उस समय हुई जब जालंधर से एलपीजी गैस सिलिंडर लेकर चला ट्रक मंडियाला गांव के पास बॉटलिंग प्लांट की ओर जा रहा था।

    पुलिस ने बताया कि जब ट्रक रेलवे क्रॉसिंग गेट पर पहुंचा तो होशियारपुर की ओर से आ रही डीएमयू ट्रेन ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और ट्रक को भी कुछ दूर तक घसीटती रही। नसरला रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक मोहन सिंह ने कहा कि डीएमयू ट्रेन दुर्घटनास्थल पर करीब तीन घंटे तक फंसी रही। हालांकि, घटना में जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

  • 3:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    कछुओं की तस्करी करने वाले गिरोह की दो महिलाएं गिरफ्तार

    उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से पश्चिम बंगाल ले जाये जा रहे 626 कछुओं को रेलवे पुलिस ने बरामद कर दो महिला तस्करों - लच्छो देवी और कंचन देवी - को गिरफ्तार कर लिया है, कछुओं की कीमत करीब सात लाख रुपये है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गाजीपुर सिटी स्टेशन पर खड़ी गुजरात के गांधीधाम से गुवाहाटी जाने वाली कामाख्या एक्सप्रेस के सामान्य कोच से कछुये बरामद किये गये।

    उन्होंने बताया कि इन कछुओं को लेकर दो महिलायें जा रही थी, जो उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की रहने वाली है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं को नीचे उतार कर वन विभाग को इसकी सूचना दी गयी। वन विभाग के कर्मचारियों के हवाले से पुलिस ने बताया कि बरामद कछुओं की कुल संख्या 626 थी।

  • 3:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    केजरीवाल दिल्ली के ‘शराब घोटाले के मास्टरमाइंड’ हैं: भाजपा

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय राजधानी में हुए कथित ‘शराब घोटाले का मास्टरमाइंड’ करार दिया। ठाकुर ने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) को आबकारी घोटाले को अन्य मुद्दों की आड़ में छिपाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि उसका असली चेहरा बेनकाब हो गया है।

     

  • 2:37 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    उत्तराखंड: बागेश्वर में बरिश से डेढ दर्जन सड़कें बंद, लोगों की बढ़ी परेशानी

    उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शुक्रवार की शाम से लगातार हो रही बारिश के कारण डेढ़ दर्जन सड़कें बंद हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि बंद रास्तों को खोलने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से लगे आरे के पास चट्टान दरकने से बागेश्वर- कपकोट मोटर मार्ग बंद हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई मकान भी ध्वस्त हो गए हैं, हांलाकि अभी कहीं से भी किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। सरयू के उफनाने से नगर में पानी का भी संकट गहरा गया है। 

     

  • 2:35 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हादसे में शिकार ITBP जवानों से गृह मंत्री ने की मुलाकात

  • 2:22 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    अगर शराब नीति सही थी तो फिर केजरीवाल सरकार ने वापस क्यों ली-बीजेपी

  • 1:54 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    रेवड़ी और बेवड़ी की सरकार, ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को दिया ठेका-अनुराग ठाकुर

    दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि शराब नीति में भ्रष्टाचार दिखा तो वापस ले लिया। ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को ठेका क्यों दिया ? न सीबीआई के जवाब दे पा रहे हैं और न मीडिया के जवाब दे पा रहे हैं। सवालों से भागते हैं अब जनता से भागेंगे।ठेकों के कमीशन क्यों बढ़ाए गए ? 

  • 1:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    शीना बोरा हत्याकांड: श्यामवर राय को जमानत

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने शीना बोरा हत्याकांड में सरकारी गवाह श्यामवर राय को जमानत दे दी है। वह इस मामले में सरकारी गवाह है। श्यामवर राय इंद्राणी का ड्राइवर था और कथित तौर पर हत्या में शामिल था। श्यामवर राय के बयान के आधार पर 2015 में इंद्राणी सहित अन्य सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।- रिपोर्ट- नम्रता दुबे

  • 1:43 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    बिल्किस बानो के समर्थन में औरंगाबाद में प्रदर्शन

    बिल्किस बानो के समर्थन में कल SDPI की तरफ से औरंगाबाद में प्रदर्शन किया गया। भाषण यह कहा गया कि देश को मनुस्मृति से चलाने की कोशिश की जा रही है लेकिन देश में जब तक SDPI है ऐसा नहीं होने देंगे । तमाम SDPI के कार्यकर्तों और नेताओ ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। रिपोर्ट - नम्रता दुबे

  • 1:26 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    दिल्ली का स्वास्थ्य मॉडल नहीं, असम का स्वास्थ्य मॉडल देखें-हिमंत बिस्व सरमा

  • 1:10 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    तेजस्वी यादव ने आरजेडी कोटे के मंत्रियों के लिए खास निर्देश जारी किया

  • 12:19 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    2024 का लोकसभा चुनाव आप Vs बीजेपी, देश में केजरीवाल के पक्ष में माहौल-सिसोदिया

    मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें जेल में डालने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा-' दो से तीन दिन में मुझे जेल में डाला जा सकता है। 2024 का चुनाव आप बनाम बीजेपी होने जा रहा है। पूरे देश में केजरीवाल के पक्ष में माहौल है। हमको ये नहीं तोड़ पाएंगे।'

  • 12:14 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    एक्साइज पॉलिसी में कोई घोटाला नहीं, हमारी नीति देश में सबसे बेस्ट-सिसोदिया

    बीजेपी प्रवक्ताओं को  जो स्क्रिप्ट दी जा रही है उसी को पढ़ते हैं। एक्साइज पॉलिसी में कोई घोटाला नहीं, हमारी नीति देश में सबसे बेस्ट है। मुद्दा कोई घोटाला नहीं है। स्वास्थ्य और शिक्षा में अरविंद केजरीवाल सरकार की लोकप्रियता इनको परेशान कर रही है।  अरविंद केजरीवाल को रोकने की साजिश रची जा रही है ये उसी का हिस्सा है। बीजेपी केजरीवाल की लोकप्रियता से परेशान है। 

  • 11:47 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    कांग्रेस ने मनीष सिसोदिया के इस्तीफे की मांग की

  • 11:05 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में चक्की नदी में आई बाढ़, रेलवे पुल बहा

  • 11:04 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    नकली पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

  • 11:02 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    देशभर में कोरोना के 13,272 नए मामले आए

  • 9:50 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    बांके बिहारी मंदिर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

  • 9:21 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    मुंबई में 26/11 जैसा हमला करने की धमकी, ट्रैफिक कंट्रोल रूम को मिला मैसेज

    मुंबई में एक बार फिर 26/11 जैसा हमला हो सकता है। हमले की धमकी मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर पर मिली है। यह मैसेज पाकिस्तान के नंबर से मिला है। मैसेज करने वाले ने कहा की उसकी लोकेशन ट्रेस करोगे तो वो भारत के बाहर का दिखाएगा और धमाका मुंबई में होगा। साथ ही इस बात का भी जिक्र किया गया है कि भारत में इस हमले को 6 लोग अंजाम देंगे।

  • 8:22 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    राजीव जयंती : पीएम मोदी ने राजीव गांधी को किया नमन

  • 8:01 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती आज, राहुल और प्रियंका ने दी श्रद्धांजलि

  • 7:59 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में दम घुटने से दो की मौत, कई अस्पताल में भर्ती

  • 7:58 AM (IST) Posted by Niraj Kumar

    फिर शुरू हुई वैष्णो देवी यात्रा, बारिश के चलते रोकी गई थी