पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति के बीच 50 मिनट की बैठक में क्या बात हुई? विदेश मंत्रालय ने बताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत करते हुए कहा कि विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए 'ग्लोबल साउथ' को नियमों का पालन करने वाले के बजाय ''नियम तय करने वाला'' बनना होगा।

नई दिल्लीः ब्रिक्स समिट का साझा घोषणापत्र जारी हो गया है। इसमें ग्लोबल साउथ के लिए समान भागीदारी का आह्वान किया गया है। इसमें भविष्य की टेक्नोलॉजी और उन्हें नियंत्रित करने वाले नियमों के विकास में 'ग्लोबल साउथ' (विकासशील देशों) की समान भागीदारी की मांग की गई। भारत मंडपम में समिट के दौरान यह घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बदलते वैश्विक ढांचे को पुराने पड़ चुके संस्थानों द्वारा नहीं चलाया जाना चाहिए। उन्होंने नियम बनाने की प्रक्रिया में सुधार और ज़रूरी प्रतिनिधित्व की वकालत की।
उन्होंने कहा कि हमारी सोच में विविधता के साथ-साथ, ब्रिक्स सहयोग के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता भी स्पष्ट रूप से सामने आई है। आज की चर्चा से यह साफ हो गया है कि बदलती दुनिया को पुराने पड़ चुके संस्थानों के ज़रिए नहीं चलाया जा सकता; प्रतिनिधित्व, जवाबदेही और नियम बनाने की प्रक्रिया में सुधार ज़रूरी हैं।
नई दिल्ली घोषणापत्र में क्या है?
घोषणापत्र में ब्रिक्स देशों ने एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों के बढ़ते इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई, जो व्यापार को प्रभावित करते हैं और विश्व व्यापार संगठन (WTO) के नियमों के खिलाफ हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ एकतरफा दबाव डालने वाले उपायों की भी निंदा की।
घोषणापत्र में संघर्षों को रोकने के लिए ज़्यादा जुड़ाव की मांग की गई, जिसमें संघर्षों की मूल वजहों को दूर करने के प्रयास भी शामिल हैं। समूह ने बातचीत, परामर्श और कूटनीति के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया। ब्रिक्स देशों ने एक ऐसे बहुपक्षीय दृष्टिकोण की वकालत की जो प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर अलग-अलग देशों के नज़रिए को ध्यान में रखे, और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने में बातचीत व सहयोग के महत्व पर ज़ोर दिया।
Live updates : BRICS_SUMMIT_2026_LIVE
-
September 12, 2026 8:33 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
डिनर के लिए पहुंचे ब्रिक्स के नेता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और दुनिया के अन्य नेता भारत मंडपम में डिनर के लिए पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां वैश्विक नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए शानदार डिनर का आयोजन किया है।
-
September 12, 2026 7:44 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
विदेश मंत्रालय ने बताया चीनी राष्ट्रपति से पीएम मोदी की क्या बात हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने अगस्त 2025 में तियानजिन में हुई पिछली मुलाकात के बाद से भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में हुई लगातार प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने फिर से कहा कि दोनों देशों को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नज़रिए से देखना चाहिए। मतभेदों को विवाद नहीं बनने देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि दोनों पक्षों को तीन 'आपसी' बातों का पालन करना चाहिए: आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित।
-
September 12, 2026 7:03 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति के साथ बैठक खत्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक समाप्त हो गई है। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। इससे पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत से आग्रह किया है कि वे ब्रिक्स देशों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करें। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और भारत एक-दूसरे की खूबियों से सीख सकते हैं और साझा विकास हासिल कर सकते हैं।
-
September 12, 2026 6:22 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पीएम मोदी ने धन्यवाद कहा
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। ब्रिक्स समिट में आपकी सकारात्मक बातों के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान चीन से मिले समर्थन और सहयोग के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। अब हमारे पास द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करने का मौका है। एक बार फिर, भारत में आपका स्वागत है।"
-
September 12, 2026 6:00 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ब्रिक्स समिट के साझा घोषणापत्र में क्या है खास
ब्रिक्स नई दिल्ली घोषणा में कहा गया है कि हम आपसी सम्मान और समझ, संप्रभु समानता, एकजुटता, लोकतंत्र, खुलेपन, समावेशिता, सहयोग और आम सहमति की ब्रिक्स भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। ब्रिक्स के दो दशकों के सफर को आगे बढ़ाते हुए, हम राजनीतिक और सुरक्षा, आर्थिक और वित्तीय, तथा सांस्कृतिक और लोगों के बीच सहयोग के तीन स्तंभों के तहत विस्तारित ब्रिक्स में सहयोग को मजबूत करने के लिए खुद को और प्रतिबद्ध करते हैं। साथ ही, हम शांति, अधिक प्रतिनिधित्व वाली और निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, एक नई ऊर्जा से युक्त और सुधारे गए बहुपक्षीय तंत्र, सतत विकास और समावेशी विकास को बढ़ावा देकर अपने लोगों के लाभ के लिए अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।
हम 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 'आउटरीच/ब्रिक्स प्लस डायलॉग' सत्र की मेजबानी करने के लिए भारत की सराहना करते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में नई गति प्रदान करता है।
-
September 12, 2026 5:48 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ईरान के राष्ट्रपति ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ बैठक की
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने ब्रिक्स समिट के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान के साथ बैठक और बातचीत की।
-
September 12, 2026 5:47 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ब्रिक्स देशों के नेताओं ने वृक्षारोपण किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिक्स (BRICS) नेताओं ने भारत मंडपम के बाहरी लॉन में संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
-
September 12, 2026 5:44 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ब्रिक्स देशों के नेताओं ने खिचवाई एक साथ फ़ैमिली फ़ोटो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिक्स देशों के नेता एक साथ फ़ैमिली फ़ोटो खिचवाया। ब्रिक्स नेताओं ने ग्लोबल फाइनेंशियल सिस्टम में बड़े सुधार की मांग की, ताकि उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं को IMF और वर्ल्ड बैंक में ज़्यादा अहमियत मिल सके। साथ ही, उन्होंने एकतरफा टैरिफ, व्यापार प्रतिबंधों और आर्थिक प्रतिबंधों की कड़ी आलोचना की।
-
September 12, 2026 4:43 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ब्रिक्स समिट का साझा घोषणापत्र जारी
ब्रिक्स समिट का साझा घोषणापत्र जारी हो गया है। ग्लोबल साउथ के लिए समान भागीदारी का आह्वान किया गया है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए ब्रिक्स समूह से मध्य पूर्व के संघर्ष में शांति लाने की भूमिका निभाने का आग्रह किया। शी ने कहा कि चीन इस भूमिका में अन्य ब्रिक्स सदस्यों के साथ मिलकर काम करेगा, क्योंकि यह युद्ध "अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों के अनुरूप नहीं है"। उन्होंने कहा कि चीन अगले साल ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालेगा और 19वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।
-
September 12, 2026 4:38 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
डिनर में शामिल होंगे कई राज्यों के मुख्यमंत्री
शाम को करीब 5-5:30 बजे, जिन मुख्यमंत्रियों को PM द्वारा BRICS नेताओं के लिए आयोजित डिनर में बुलाया गया है, वे संसद भवन में इकट्ठा होंगे। वे शाम करीब 6 बजे संसद भवन से बस में रवाना होंगे। सिर्फ़ उन्हीं मुख्यमंत्रियों को बुलाया गया है जिनके राज्यों में BRICS देशों का निवेश है या भविष्य में निवेश की संभावना है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि ट्रैफ़िक जाम से बचा जा सके, जो तब हो सकता था जब ये सभी मुख्यमंत्री अपने-अपने काफ़िले के साथ आते। कल तक करीब 15-16 मुख्यमंत्रियों ने अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर दी थी। इनमें विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं, जैसे कर्नाटक के CM डी.के. शिवकुमार और तमिलनाडु के CM विजय।
-
September 12, 2026 4:38 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
BRICS के 20 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने जारी किए दो डाक टिकट
BRICS समिट 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS के 20 साल पूरे होने के मौके पर दो डाक टिकट जारी किए। वहीं, BRICS समिट की एक खास तस्वीर में PM मोदी, पुतिन और शी का हाथ थामे हुए दिखे।
-
September 12, 2026 3:56 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
डिक्लेरेशन में क्या होगा खास
थोड़ी देर में दिल्ली डिक्लेरेशन का ऐलान होगा। डिक्लेरेशन में युद्ध की निंदा होगी। एकतरफा युद्ध के खिलाफ सभी देश एकजुट हैं। डिक्लेरेशन में सभी तरह की आक्रामकता की निंदा होगी। बातचीत और कूटनीति से टकराव खत्म करने पर जोर दिया जाएगा। सभी देशों में साझा घोषणापत्र पर सहमति बन गई है।
-
September 12, 2026 3:54 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
ब्रिक्स समिट का साझा घोषणापत्र थोड़ी देर में
थोड़ी देर में BRICS का ज्वाइंट डिक्लेरेशन आना वाला है...ब्रिक्स में रूस ईरान सऊदी जैसे देश हैं...जो इस वक्त सीधे युद्ध में हैं...ब्रिक्स में चीन भी है...जिसका अमेरिका से ट्रेड युद्ध चल रहा है...ईरान सऊदी अरब यूएई तीनों में आपसी सहमती नहीं है...ऐसे में सारे देशों को एक बात पर सहमत करना...सारे 11 देशों को एक लाइन पर..एक डिक्लेरेशन पर लाना बहुत बड़ी बात है...आज सुबह 4 बजे तक डिक्लेरेशन पर मीटिंग चलती रही।
-
September 12, 2026 3:05 PM (IST) Posted by Amar Deep
वैश्विक सुधार की दिशा भी तय करनी होगी: PM मोदी
ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "ब्रिक्स को मज़बूत करने के साथ-साथ हमें वैश्विक सुधार की दिशा भी तय करनी होगी। वैश्विक शासन का मौजूदा ढांचा एक पिरामिड जैसा है। सत्ता और फ़ैसले लेने की शक्ति सबसे ऊपर केंद्रित है, जबकि निचले स्तरों पर वे देश हैं जो इन फ़ैसलों से प्रभावित तो होते हैं, लेकिन उन्हें आकार देने में असमर्थ रहते हैं।"
-
September 12, 2026 3:04 PM (IST) Posted by Amar Deep
आज जारी होगा ब्रिक्स का संयुक्त बयान
एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी के तौर पर, ब्रिक्स देशों ने सुबह 4 बजे तक चली लंबी बातचीत के बाद एक संयुक्त बयान पर सहमति बना ली है। बातचीत के दौरान कई विवादित मुद्दों पर मतभेद भी सामने आए। भारत ने सदस्य देशों के बीच अलग-अलग विचारों को एक करने और सहमति बनाने के लिए लगातार बातचीत की। यह कामयाबी इसलिए भी खास है क्योंकि ईरान, सऊदी अरब और UAE सभी एक ही मंच का हिस्सा हैं, जबकि कई क्षेत्रीय और भू-राजनीतिक मुद्दों पर उनके बीच गहरे मतभेद और अलग-अलग विचार हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों और बढ़ते तनाव के बीच, ईरान, सऊदी अरब और UAE जैसे देशों के बीच सहमति बनाना एक बहुत मुश्किल कूटनीतिक चुनौती थी। भारत की कूटनीतिक कुशलता ने यह सुनिश्चित किया कि इन मतभेदों से ब्रिक्स की प्रक्रिया न रुके; सदस्य देशों के बीच भू-राजनीतिक विचारों में भारी अंतर के बावजूद, भारत ने एक संयुक्त बयान पर सहमति बनाने का रास्ता साफ किया।
-
September 12, 2026 3:01 PM (IST) Posted by Amar Deep
अगले 20 सालों के लिए नए और बड़े लक्ष्य वाले एजेंडे पर काम करने की जरूरत: PM मोदी
BRICS समिट 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमें अगले 20 सालों के लिए एक नए और बड़े लक्ष्य वाले एजेंडे पर काम करने की ज़रूरत है। हमें इस प्रक्रिया की शुरुआत अपनी आंतरिक कार्य-प्रणालियों से करनी चाहिए। भले ही BRICS की अध्यक्षता हर साल बदलती है, लेकिन इससे हमारे संस्थागत कामकाज की गति पर असर नहीं पड़ना चाहिए। मैं BRICS के लिए निरंतरता और कार्यान्वयन तंत्र (continuity and implementation mechanism) बनाने का प्रस्ताव रखता हूं। इससे 'ट्रोइका' (Troika) व्यवस्था के ज़रिए सभी पहलों और नतीजों पर आगे की कार्रवाई हो सकेगी। हम हर फ़ैसले से जुड़े नोडल पॉइंट, समय-सीमा और कार्यान्वयन की स्थिति को दर्ज करने के लिए एक सुरक्षित डिजिटल रिपॉजिटरी भी बना सकते हैं।"
-
September 12, 2026 2:53 PM (IST) Posted by Amar Deep
हम किसी के विरुद्ध नहीं: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "भारत में आप सभी का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। 350 से अधिक बैठकों का आयोजन किया गया। लगभग 30 शहरों में आपकी टीम का स्वागत करने का हमें अवसर मिला। इसके सफल आयोजन में समर्थन में आप सभी का आभार। इस साल का ब्रिक्स समिट एक ऐतिहासिक पड़ाव है। हम ब्रिक्स की 20वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इंसानी ज़िंदगी में, 20 साल की उम्र परिपक्वता और ज़िम्मेदारी के एक नए दौर की शुरुआत होती है। आज ब्रिक्स अपने कमिंग ऑफ एज के समय में पिछले 20 साल में ब्रिक्स ने वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हम किसी के विरुद्ध नहीं हैं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की सोच के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं। अगले 20 वर्षों के लिए हमें एक नए एजेंडा पर काम करना होगा। इसकी शुरुआत हमें अपनी खुद के वर्किंग से करनी होगी।"
-
September 12, 2026 2:49 PM (IST) Posted by Amar Deep
ब्रिक्स सम्मेलन शुरू
पीएम मोदी की अध्यक्षता में ब्रिक्स सम्मेलन शुरू हो गया है।
-
September 12, 2026 2:47 PM (IST) Posted by Amar Deep
रामनाथस्वामी मंदिर की पृष्ठभूमि में नेताओं का किया गया स्वागत
ब्रिक्स नेताओं के स्वागत के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में मशहूर रामनाथस्वामी मंदिर की पृष्ठभूमि में नेताओं का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:46 PM (IST) Posted by Amar Deep
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:45 PM (IST) Posted by Amar Deep
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:43 PM (IST) Posted by Amar Deep
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:42 PM (IST) Posted by Amar Deep
भारत मंडपम पहुंचे शी जिनपिंग
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल, भारत मंडपम पहुंचे।
-
September 12, 2026 2:41 PM (IST) Posted by Amar Deep
दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफ़ोसा पहुंचे भारत मंडपम
दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफ़ोसा BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के आयोजन स्थल, भारत मंडपम पहुंचे।
-
September 12, 2026 2:41 PM (IST) Posted by Amar Deep
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी पहुंचे भारत मंडपम
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल, भारत मंडपम पहुंचे।
-
September 12, 2026 2:40 PM (IST) Posted by Amar Deep
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो का स्वागत
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के आयोजन स्थल भारत मंडपम में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:39 PM (IST) Posted by Amar Deep
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के आयोजन स्थल 'भारत मंडपम' में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली का स्वागत किया।
-
September 12, 2026 2:29 PM (IST) Posted by Amar Deep
ब्रिक्स के मेंबर देशों के प्रतिनिधियों से मिल रहे पीएम मोदी
पीएम मोदी भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों से मिल रहे हैं। इससे पहले ब्रिक्स समिट में साझा बयान पर सहमति बन गई है। शाम चार बजे तक साझा बयान जारी होगा।
-
September 12, 2026 2:03 PM (IST) Posted by Amar Deep
मलेशिया के पीएम से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने किया पोस्ट
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिलकर खुशी हुई। भारत-मलेशिया संबंध अर्धचालक, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और प्रतिभा गतिशीलता जैसे महत्वाकांक्षी नए क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं। हमारी बढ़ती रक्षा साझेदारी, दोतरफा निवेश का विस्तार और लोगों के बीच गहरे संबंध हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी में नई गति को दर्शाते हैं। भारत और मलेशिया मिलकर काम करना जारी रखेंगे और इस रिश्ते की पूरी क्षमता का एहसास करेंगे।"
-
September 12, 2026 1:40 PM (IST) Posted by Amar Deep
'पीएम मोदी ने बहुत बदलाव किए हैं'
'दिदबान ईरान न्यूज़ एजेंसी' के ईरानी पत्रकार बासिम लालेह ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी एक महान नेता हैं जिन्होंने बहुत बदलाव किए हैं। मैंने सोशल मीडिया के ज़रिए भारत के बारे में देखा और जाना था, लेकिन जब मैं यहां आया, तो भारत के बारे में मेरी राय बदल गई। कई अंतर हैं, मुझे लगता है कि अगले 5-6 सालों में भारत में बड़े बदलाव होंगे।" उन्होंने आगे कहा, "तीन बड़े देशों (भारत, रूस और ईरान) के ये तीन नेता ऐसे देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं जो पश्चिम से स्वतंत्र हैं। मुझे लगता है कि ग्लोबल इकॉनमी और राजनीति में एक नई व्यवस्था उभर रही है। ये तीनों नेता नियम बदल रहे हैं, और मुझे लगता है कि कुछ बड़ा हो रहा है। पिछले दो सालों में भारत के नेतृत्व में, खासकर ब्रिक्स समूह के ज़रिए, बड़े बदलाव हुए हैं।"
-
September 12, 2026 1:24 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'भारत में मेरा कुल अनुभव बहुत अच्छा रहा है'
यूएई के द नेशनल की पत्रकार वनेसा घनेम ने कहा, 'मैं आखिरी बार 2025 में भारत आई थी। तब मैं विदेश मंत्रालय की ओर से हर साल आयोजित होने वाले रायसीना डायलॉग में शामिल होने आई थी। पिछले साल और इस साल, दोनों बार मैंने भारत में कुछ शानदार जगहों का दौरा किया। मैं ताजमहल और हुमायूं का मकबरा देखने गई। मुझे लगा कि दोनों जगहें कुछ हद तक एक जैसी हैं, लेकिन दोनों में काफी अंतर भी है। यहां की वास्तुकला, कहानियां, इतिहास और संस्कृति अद्भुत हैं और अपने भीतर कई संदेश समेटे हुए हैं। भारत में मेरा कुल अनुभव बहुत अच्छा रहा है। मेरा मानना है कि रविवार को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन पर दुनियाभर की नजर रहेगी और लोग इसके नतीजों का इंतजार करेंगे, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है, मध्य पूर्व में संकट है और होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली शिपिंग भी प्रभावित हुई है। इसके अलावा, बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए ईरान और हूती विद्रोहियों से खतरा भी बढ़ रहा है। इन सभी संकटों का असर ऊर्जा की कीमतों पर भी पड़ा है और तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। मेरा मानना है कि ये मुद्दे और इन पर होने वाली चर्चाएं किसी न किसी रूप में BRICS की बातचीत में प्रमुख रहेंगी। शिखर सम्मेलन में इसके मुख्य विषयों पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिनमें खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, आपदाओं से निपटने की तैयारी, तनाव और सप्लाई चेन जैसे मुद्दे शामिल हैं।'
-
September 12, 2026 12:48 PM (IST) Posted by Amar Deep
वियतनाम के प्रधानमंत्री के साथ PM मोदी ने की द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
-
September 12, 2026 12:32 PM (IST) Posted by Amar Deep
राष्ट्रपति मुर्मू और पेजेश्कियान के बीच हुई बैठक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के साथ बैठक की।
-
September 12, 2026 12:14 PM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
-
September 12, 2026 11:52 AM (IST) Posted by Amar Deep
इथियोपिया के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की मुलाकात पर विदेश मंत्रालय ने दिया बयान
विदेश मंत्रालय ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबिय अहमद अली से मुलाकात की। यह सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में हो रहा है। दोनों नेताओं ने आपसी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत की। उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी और क्षमता निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर 2025 में अदीस अबाबा की ऐतिहासिक यात्रा के बाद हुई है। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर करीबी सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि उनकी मौजूदगी से 'ग्लोबल साउथ' की सामूहिक आवाज़ को मजबूती मिली है।"
-
September 12, 2026 11:48 AM (IST) Posted by Amar Deep
मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की मुलाकात पर विदेश मंत्रालय ने दिया बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत की। इस बातचीत में ऊर्जा, रक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। अनवर ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, "फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।" उन्होंने कहा कि नेताओं ने आपसी हित के अहम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
-
September 12, 2026 11:40 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली पहुंचे शी जिनपिंग
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली पहुंच गए हैं।
-
September 12, 2026 11:29 AM (IST) Posted by Amar Deep
इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों में क्या हुआ?
भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि आज प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों ने इन देशों के साथ भारत के रिश्तों को एक नई दिशा दी है। दोनों देशों ने भारत के साथ मज़बूत रक्षा सहयोग की इच्छा जताई। इसमें संयुक्त रूप से कर्मियों की ट्रेनिंग और भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने भारतीय उद्योग और निवेश का स्वागत किया। इथियोपिया ने खास तौर पर भारतीय माइनिंग कंपनियों का स्वागत किया। मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में मौकों पर भी चर्चा हुई।
-
September 12, 2026 11:18 AM (IST) Posted by Amar Deep
यूरोप के साथ टकराव की कोई वजह नहीं: पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "ऐसा कोई खतरा नहीं है और न ही कभी रहा है। हम यूरोपीय देशों को न तो धमका रहे हैं और न ही धमकाने वाले हैं। हम ऐसा क्यों करेंगे? किसी को यह ख्याल भी नहीं आता कि यूरोप के साथ हमारे किसी भी टकराव की कोई वजह नहीं है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद सभी मसले सुलझा लिए गए थे। और बाद में, सोवियत संघ के टूटने के बाद जो कुछ भी हुआ, वह सोवियत संघ के उत्तराधिकारी के तौर पर रूसी संघ की सहमति से हुआ था। उन समझौतों के खिलाफ जो कुछ भी होता है, वह हमारे हितों के खिलाफ है और अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के बुनियादी सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।"
-
September 12, 2026 10:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ की द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के दौरान हैदराबाद हाउस में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
-
September 12, 2026 10:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
इथियोपिया के प्रधानमंत्री से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 से इतर हैदराबाद भवन में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
-
September 12, 2026 10:23 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली में कई रूट डायवर्ट
12 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। भारत मंडपम, प्रगति मैदान के आसपास 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रमुख डायवर्जन-
- दीन दयाल उपाध्याय चौक-मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
- राम चरण अग्रवाल चौक-कमर्शियल वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं।
- मीर दर्द चौक-महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की तरफ ट्रैफिक डायवर्ट।
- कस्तूरबा गांधी मार्ग/आउटर सर्किल-सी-हेक्सागन की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक।
- जनपथ-कनॉट प्लेस-सी-हेक्सागन की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
- पटेल चौक-विंडसर प्लेस और आरबीआई की तरफ जाने वाले वाहन डायवर्ट।
- आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट-मदर टेरेसा क्रिसेंट और तालकटोरा रोड की तरफ जाने पर रोक।
- वंदे मातरम मार्ग/साइमन बोलिवर मार्ग-साइमन बोलिवर मार्ग बंद रहेगा।
- धौला कुआं फ्लाईओवर-सरदार पटेल मार्ग पर डायवर्जन।
- मोती बाग फ्लाईओवर-शांति पथ की तरफ ट्रैफिक प्रतिबंधित।
- ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग-अफ्रीका एवेन्यू की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
- मदरसा टी-पॉइंट-अरबिंदो मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक।
- लोधी रोड/अमृता शेरगिल मार्ग-अमृता शेरगिल मार्ग बंद।
- लोधी रोड/मैक्स म्यूलर मार्ग-मैक्स म्यूलर मार्ग बंद।
- लोधी रोड/महार्षि रमण मार्ग-महार्षि रमण मार्ग पर ट्रैफिक प्रतिबंध।
- लोधी रोड/आर्च बिशप मैकारियस मार्ग-आर्च बिशप मैकारियस मार्ग बंद।
- अंडर लोधी फ्लाईओवर-मथुरा रोड की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
- नीला गुंबद-ओबेरॉय फ्लाईओवर/डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की तरफ जाने पर रोक।
- अंडर ओबेरॉय फ्लाईओवर-मथुरा रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन।
- डीपीएस, मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, भारत मंडपम की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
- रिंग रोड/भैरों रोड की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
- मंडी हाउस, फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग की तरफ डायवर्जन।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपील: जरूरी न हो तो इन रास्तों पर जाने से बचें और डायवर्ट किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
-
September 12, 2026 10:06 AM (IST) Posted by Amar Deep
बेलारूस के विदेश मंत्री पहुंचे दिल्ली
बेलारूस गणराज्य के विदेश मंत्री मैक्सिम रिज़ेंकोव BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंचे।
-
September 12, 2026 9:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
सिरिल रामफोसा ने गौतम अडाणी से की मुलाकात
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी से मुलाकात की।
-
September 12, 2026 9:36 AM (IST) Posted by Amar Deep
दुनिया संरचनात्मक बदलावों के दौर में प्रवेश कर चुकी है: पुतिन
रूस के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा: दुनिया गहरे संरचनात्मक बदलावों के दौर में प्रवेश कर चुकी है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि आर्थिक विकास में सबसे आगे रहने वाले पुराने नेताओं की जगह अब विकास को आगे बढ़ाने वाले नए कारक ले रहे हैं।"
-
September 12, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
मलेशिया के राष्ट्रपति ने पुतिन से की मुलाकात
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच सहयोग पर चर्चा की।
-
September 12, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Amar Deep
मोदी-जिनपिंग के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक
भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने एक्स पर लिखा, "चीन और भारत, राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की व्यवस्था कर रहे हैं। कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद, यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे। चीन, दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत बढ़ाने, सहयोग को मजबूत करने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने और अच्छे पड़ोसी व एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर दोस्ती निभाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा।"
-
September 12, 2026 8:44 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
'भारत मेरी उम्मीद से कहीं बेहतर है'
18वें BRICS शिखर सम्मेलन में जर्मनी के मीडिया प्रतिनिधि बेन ने कहा, 'मैं बहुत हैरान हूं। भारत मेरी उम्मीद से कहीं बेहतर है। अब तक सम्मेलन का आयोजन बिल्कुल शानदार है। हमें मीडिया किट दी गई है। मैं ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका में हुए BRICS सम्मेलनों में भी जा चुका हूं, लेकिन यह अब तक का सबसे अच्छा बैग है। हमें वीगन सुपर फूड, कॉफी और एक हल्का मग दिया गया है। इसके अलावा एक सुंदर स्कार्फ, पानी की बोतल और कुछ अन्य तरह के सुपर फूड भी दिए गए हैं।'
-
September 12, 2026 8:22 AM (IST) Posted by Amar Deep
फिलीपींस के राष्ट्रपति पहुंचे दिल्ली
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर का नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। वे ASEAN के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए हैं। राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उनकी अगवानी की।"
-
September 12, 2026 7:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
एंटोनियो गुटेरेस ने पीएम मोदी से की मुलाकात
ब्रिक्स समिट से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के करीबी सहयोग की सराहना की। महासचिव और प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं पर चर्चा की, जिसमें ऐसी बहुपक्षीय संस्थाओं की ज़रूरत पर बात हुई जो 21वीं सदी की दुनिया की वास्तविकताओं को स्पष्ट रूप से दर्शाती हों। महासचिव और प्रधानमंत्री ने मध्य पूर्व और यूक्रेन में चल रहे संघर्षों और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर उनके असर (खासकर भोजन और उर्वरक की उपलब्धता पर) के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। महासचिव ने नेविगेशन की स्वतंत्रता के सिद्धांत को दोहराया। दोनों नेताओं ने घातक स्वायत्त हथियारों से बढ़ते खतरे पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
-
September 12, 2026 7:40 AM (IST) Posted by Amar Deep
चीन से रवाना हुए शी जिनपिंग
चीन के ग्लोबल टाइम्स ने ट्वीट किया, "शिन्हुआ के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बीजिंग से रवाना हुए। उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आमंत्रित किया था। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, शी के साथ जाने वाले दल में काई ची (जो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ चाइना (CPC) की सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य और CPC सेंट्रल कमेटी के जनरल ऑफ़िस के डायरेक्टर हैं) और वांग यी (जो CPC सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री हैं) शामिल हैं।"
-
September 12, 2026 7:32 AM (IST) Posted by Amar Deep
WTO की डायरेक्टर-जनरल पहुंचीं भारत
वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन की डायरेक्टर-जनरल न्गोजी ओकोन्जो-इवेला ब्रिक्स समिट 2026 के लिए भारत पहुंचीं।
-
September 12, 2026 7:23 AM (IST) Posted by Amar Deep
फिलिपींस के राष्ट्रपति पहुंचे दिल्ली
फिलिपींस गणराज्य के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंचे।
-
September 12, 2026 7:18 AM (IST) Posted by Amar Deep
WHO के महानिदेशक पहुंचे दिल्ली
WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनोम घेब्रेयेसस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंच गए हैं।
-
September 12, 2026 7:03 AM (IST) Posted by Amar Deep
क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पारिला पहुंचे दिल्ली
क्यूबा गणराज्य के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पारिला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंच गए हैं।
-
September 12, 2026 6:52 AM (IST) Posted by Amar Deep
राष्ट्रीय मुद्रा को मजबूत किया जाना चाहिए: पेजेश्कियन
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा, "ब्रिक्स में अलग-अलग राय हैं, लेकिन सभी सदस्य देश इस बात पर सहमत हैं कि राष्ट्रीय मुद्रा को मजबूत किया जाना चाहिए और सदस्य देशों के बीच व्यापार राष्ट्रीय मुद्राओं के जरिए होना चाहिए। हालांकि, एक ही मुद्रा अपनाने का मामला अभी भी विचाराधीन है।"
-
September 12, 2026 6:46 AM (IST) Posted by Amar Deep
एक मंच पर दिखेंगे मोदी-पुतिन-जिनपिंग
BRICS समिट में आज दुनिया के तीन दिग्गज लीडर एक साथ होंगे। पीएम मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज एक मंच पर होंगे। ऐसे में दुनिया को एक नया वर्ल्ड ऑर्डर देखने को मिलेगा। इसकी झलक एक दिन पहले BRICS बिजनेस फोरम में दिख चुकी है। जब पीएम मोदी ने बताया कि भारत आज पूरी दुनिया को ग्लोबल भरोसा दे रहा है।