BRICS Summit Day 2 LIVE: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत दौरा खत्म, बीजिंग के लिए हुए रवाना
BRICS Summit 2026 का आज दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें होंगी। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात भी सुर्खियों में रही।

नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है और भारत मंडपम में दुनिया के बड़े नेताओं की सरगर्मी जारी है। पहले दिन जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई अहम नेताओं से मुलाकात हुई, वहीं आज भी कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर मंथन का सिलसिला जारी रहेगा। सबकी निगाहें प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ होने वाली मुलाकातों पर टिकी हैं।
BRICS के पहले दिन भारत को बड़ी कूटनीतिक कामयाबी मिली। सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मंजूरी दी। इसमें आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई है। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के लिए जीरो टॉलरेंस की बात कही गई है और आतंकियों, उनके मददगारों और उन्हें पनाह देने वालों को जवाबदेह ठहराने पर जोर दिया गया है।
पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात भी सुर्खियों में रही। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। बैठक में भारत-चीन रिश्तों को बेहतर बनाने के साथ सीमा पर अमन और स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने माना कि मतभेदों को विवाद में नहीं बदलने देना चाहिए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग को लेकर बातचीत हुई।
पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS नेताओं के लिए शानदार गाला डिनर का भी इंतजाम किया। भारत मंडपम में हुई इस दावत में रूस के राष्ट्रपति पुतिन समेत कई राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शामिल हुए। डिनर में भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक देखने को मिली। गाला डिनर के दौरान माहौल उस वक्त और खास हो गया, जब मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाया।
आज दूसरे दिन भी भारत मंडपम में अहम बातचीत का दौर जारी रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ मुलाकातें होंगी। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक रिश्तों, क्षेत्रीय अमन और वैश्विक चुनौतियों पर बात होने की उम्मीद है। BRICS Summit के ओपन सेशन में समावेशी वैश्विक विकास पर भी मंथन होगा। दुनिया में बदलते हालात के बीच विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और नवाचार के जरिए विकास को रफ्तार देने पर चर्चा होगी।
भारत की मेजबानी में हो रहा यह BRICS Summit ऐसे वक्त में हो रहा है, जब दुनिया कई मोर्चों पर तनाव और टकराव का सामना कर रही है।
सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-
Live updates : BRICS Summit 2026 LIVE
-
September 13, 2026 1:29 PM (IST) Posted by Malaika Imam
मिस्र के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की।
-
September 13, 2026 12:46 PM (IST) Posted by Malaika Imam
इथियोपिया के पीएम भी दिल्ली से हुए रवाना
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली भी ब्रिक्स समिट में शामिल होने के बाद दिल्ली से रवाना हो गए हैं।
-
September 13, 2026 11:54 AM (IST) Posted by Malaika Imam
चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग बीजिंग के लिए रवाना
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं। वह बीजिंग वापस जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दूसरे दिन के कार्यक्रम में पीएम मोदी का संबोधन सुना और इससे पहले सभी नेताओं के साथ फैमिली फोटो भी खिंचवाई।
-
September 13, 2026 11:32 AM (IST) Posted by Malaika Imam
BRICS में 'ग्लोबल साउथ' के देशों का भरोसा बढ़ा: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं अपने निजी अनुभव से कह सकता हूं कि BRICS में 'ग्लोबल साउथ' के देशों का भरोसा बढ़ा है, क्योंकि उनकी बात सुनी जाती है, उनके अनुभवों का सम्मान किया जाता है और समाधान सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर तैयार किए जाते हैं। BRICS की ताकत हमारी विविधता और सहयोग में है। भले ही हम अलग-अलग परिस्थितियों से जुड़े हों, लेकिन हम सहयोग के ज़रिए एक साथ आगे बढ़ते हैं और मानवता के लिए फलते-फूलते हैं। हमारी विविधता हमारी पहचान बनी रहे, हमारा सहयोग हमारी प्रेरणा बने और हमारी तरक्की से पूरी मानवता को फायदा हो।"
-
September 13, 2026 11:16 AM (IST) Posted by Malaika Imam
ब्रिक्स सिर्फ सरकारों तक सीमित न रहे: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "यहां ग्लोबल साउथ देशों की आवाज सुनी जाती है। ब्रिक्स सिर्फ सरकारों तक सीमित न रहे।"
-
September 13, 2026 11:14 AM (IST) Posted by Malaika Imam
हमारी प्रगति मानवता के काम आए- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "विश्व में तनाव बढ़ रहा है। संकट एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है। भावी पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी बढ़ी। हमारी प्रगति मानवता के काम आए।"
-
September 13, 2026 11:09 AM (IST) Posted by Malaika Imam
PM मोदी बोले- 4 मुख्य स्तंभों पर किया फोकस
ब्रिक्स समिट 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत की अध्यक्षता में हमने चार मुख्य स्तंभों पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित किया है: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता। मुझे खुशी है कि आपके सहयोग और समर्थन से हम अपनी साझा सोच को एक ऐसे सहयोग में बदल पाए हैं, जिसमें सभी का फायदा है।"
-
September 13, 2026 11:02 AM (IST) Posted by Malaika Imam
पुतिन समेत दुनिया के दिग्गज नेता एक साथ
BRICS समिट 2026 के दूसरे दिन भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो और दुनिया के अन्य नेता।
-
September 13, 2026 11:00 AM (IST) Posted by Malaika Imam
PM मोदी ने विश्व नेताओं के साथ खिंचवाई 'फैमिली फोटो'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट के दूसरे दिन भारत मंडपम में दुनिया भर के नेताओं के साथ 'फैमिली फोटो' के लिए पोज दिया।
-
September 13, 2026 10:58 AM (IST) Posted by Malaika Imam
मलेशिया के पीएम से मिले राहुल गांधी और प्रियंका
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर मुलाकात की।
-
September 13, 2026 10:17 AM (IST) Posted by Amar Deep
PM मोदी भारत मंडपम पहुंचे
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन पीएम मोदी भारत मंडपम पहुंचे।
-
September 13, 2026 9:25 AM (IST) Posted by Malaika Imam
गाला डिनर का आयोजन
पीएम नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों को शनिवार रात डिनर पार्टी दी। गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की भी शानदार झलक देखने को मिली।
-
September 13, 2026 9:20 AM (IST) Posted by Malaika Imam
सुबह 10:50 बजे ओपन सेशन होगा शुरू
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा। इस सत्र की थीम 'लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य' रखी गई है। इस दौरान नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
-
September 13, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Malaika Imam
दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी की कई बड़ी मीटिंग्स
आज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी की कई बड़ी मीटिंग्स हैं। आज पीएम मोदी वर्ल्ड लीडर्स के साथ द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। सबसे पहले आज दोपहर 2:30 बजे पीएम मोदी कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव के साथ मीटिंग करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोपहर साढ़े 3 बजे पीएम मोदी से मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी मिलेंगे। वहीं, शाम 4 बजकर 10 मिनट पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा पीएम मोदी के साथ हाईलेवल मीटिंग करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजकर 40 मिनट पर बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्टे नदायिशिमिये पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे। वहीं, शाम 5 बजकर 10 मिनट पर नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति कासिम शेट्टिमा पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और सबसे आखिर में युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो पीएम मोदी से मिलेंगी।
-
September 13, 2026 9:10 AM (IST) Posted by Malaika Imam
संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद पर महिला की नियुक्ति की पैरवी
ब्रिक्स ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर किसी महिला की नियुक्ति की पैरवी की। साथ ही संगठन ने संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार की जरूरत बताई, जिसमें सुरक्षा परिषद भी शामिल है। दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन अपनाए गए 'नई दिल्ली घोषणापत्र' में इस संबंध में विस्तार से बात कही गई। घोषणापत्र में कहा गया कि अब तक संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर किसी महिला का निर्वाचन नहीं हुआ है। इसमें यह भी जिक्र किया गया कि लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियाई क्षेत्र से अब तक केवल एक व्यक्ति, जबकि अफ्रीका और एशिया से दो-दो नागरिक इस पद पर आसीन हुए हैं।
-
September 13, 2026 8:50 AM (IST) Posted by Malaika Imam
दिल्ली में अबू धाबी के युवराज से मिले ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने शनिवार को दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की। यह बैठक इसलिए अहम हो गई, क्योंकि ईरान द्वारा मेरिकी हमलों के जवाब में पिछले कुछ महीनों में यूएई में कई अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद दोनों पक्षों के रिश्तों में भारी तनाव आ गया था। ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा, "ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने ब्रिक्स समिट के दौरान यूएई के युवराज से मुलाकात की।" यह बैठक ऐसे समय में हुई जब ईरान 14 सितंबर को ओमान में गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सदस्यों और इराक के साथ मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य से आवाजाही के समझौते पर चर्चा करने वाला है। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से यह अपनी तरह की पहली बैठक होगी।
-
September 13, 2026 8:48 AM (IST) Posted by Malaika Imam
BRICS के मंच से पाकिस्तान को झटका
BRICS के मंच से पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। ब्रिक्स ज्वाइंट डिक्लेरेशन में पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा गया कि आतंकियों को पनाह देने वालों पर मिलकर एक्शन लेंगे। इसके साथ ही, डायलॉग और डिप्लोमेसी से दुनिया में चल रहे टकराव को खत्म करने पर जोर दिया गया।
-
September 13, 2026 8:43 AM (IST) Posted by Malaika Imam
कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठक
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन आज पीएम मोदी की कई अहम बैठकें हैं। मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी समेत कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। ब्रिक्स समिट में आज Inclusive Global Development से जुड़े मुद्दों पर खुला सत्र आयोजित होगा।