भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। जन्मदिन के इस मौके पर भारत समेत दुनियाभर के विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों, नेताओं और हस्तियों ने पीएम मोदी को शुभकामना संदेश भेजे। अब ब्रिटेन के राजा चार्ल्स ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन के अवसर पर एक खास तोहफा भेजा है। राजा चार्ल्स का ये तोहफा असल में एक कदम्ब का पौधा है।
किंग चार्ल्स ने क्यों भेजा कदम्ब का पौधा?
भारत की राजधानी दिल्ली में स्थित ब्रिटिश हाई कमीशन ने लिखा- ‘‘महामहिम महाराज ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर एक कदम्ब का पौधा भेजकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री मोदी की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल से प्रेरित यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
पीएम मोदी ने किंग चार्ल्स को दिया था पौधा
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी किंग चार्ल्स को पौधा भेंट कर चुके हैं। दरअसल, पीएम मोदी ने बीते जुलाई महीने में ब्रिटेन की यात्रा की थी। तब उन्होंने इंग्लैंड के नॉरफॉक में स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी और उन्हें एक पौधा भेंट किया था।
पीएम मोदी ने कौन सा पौधा दिया था?
पीएम मोदी ने किंग चार्ल्स को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डेविडिया इनवोलुक्रेटा 'सोनोमा' प्रजाति का पौधा भेंट किया था। इस पौधे को आम तौर पर ‘सोनोमा डव ट्री’ के नाम से भी जाना जाता है। सोनोमा डव ट्री को एक सजावटी पेड़ के तौर पर जाना जाता है जिसमें कम समय में ही काफी फूल खिलते हैं। डेविडिया इनवोलुक्रेटा प्रजाति के पौधों को खिलने में 10 से 20 साल तक का समय लग जाता है। हालांकि, सोनोमा समय से पहले विकसित होने वाली किस्म है। इस पौधे को लगाए जाने के 2 से 3 साल के भीतर ही फूल खिलने लगते हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- PM मोदी का बचपन: जब मगरमच्छ के बच्चे को ले आए थे घर, डूबते बच्चे की भी बचाई जान, रोचक हैं ये किस्से
PM मोदी के जन्मदिन के मौके पर देशभर की महिलाओं को मिलेगा ये खास तोहफा, बच्चों को भी होगा फायदा
Latest India News