1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक-केरल सीमा पर बस ने यात्रियों को कुचला, 6 लोगों की मौत, घायलों का इलाज जारी

कर्नाटक-केरल सीमा पर बस ने यात्रियों को कुचला, 6 लोगों की मौत, घायलों का इलाज जारी

कर्नाटक-केरल सीमा पर कासरगोड से मंगलुरु जा रही एक बस का ब्रेक फेल हो गया। इस दौरान बस स्टैंड व एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए।

Bus crushes passengers on Karnataka Kerala border 6 people dead treatment of injured continues- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

कर्नाटक-केरल सीमा से सटे तलापडी में बृहस्पतिवार को कासरगोड से मंगलुरु जा रही केएसआरटीसी की एक बस ब्रेक फेल होने के कारण बस स्टैंड व एक ऑटो-रिक्शा से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई और सात घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। दुर्घटनास्थल कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले और केरल के कासरगोड जिले की सीमा पर स्थित है। पुलिस ने बताया कि मृतकों में पांच वयस्क और एक नाबालिग लड़की शामिल है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले चार वयस्क एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। 

घायलों का इलाज जारी

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब सवा एक बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है और ब्रेक फेल होने के कारण का पता लगाने के लिए मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। केएसआरटीसी और यातायात अधिकारी बस की यांत्रिक खामियों व रखरखाव संबंधी प्रक्रियाओं का आकलन करने के लिए वाहन की जांच कर रहे हैं। केएसआरटीसी व सड़क परिवहन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की व्यवस्था की। 

बेलगावी में पलटी बस

वहीं एक दूसरे मामले में कर्नाटक के बेलगावी जिले में बुधवार देर रात एक निजी बस के पलट जाने से दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा बेलगावी के पास बदेकोलमठ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग घाट क्षेत्र में हुआ, जब हुब्बली से पुणे जा रही एक निजी बस चालक की लापरवाही के कारण पलट गई। बस में कुल 12 यात्री सवार थे। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की जान चली गई। पुलिस ने हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाल कर बेलगावी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हिरबेगवाड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

(इनपुट-भाषा)

Latest India News