1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'चीन भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती और ये आगे भी रहेगी', भारत के सीमा विवाद पर CDS अनिल चौहान का बड़ा बयान

'चीन भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती और ये आगे भी रहेगी', भारत के सीमा विवाद पर CDS अनिल चौहान का बड़ा बयान

भारत के सुरक्षा वातावरण की जटिल प्रकृति को रेखांकित करते हुए जनरल चौहान ने कहा कि देश की सीमा सात देशों से लगती है, जिससे यह अत्यधिक संवेदनशील बन जाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकवाद भारत के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है।

सीडीएस जनरल अनिल चौहान- India TV Hindi
Image Source : PTI सीडीएस जनरल अनिल चौहान

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने चीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को कहा कि चीन भारत के लिए 'सबसे बड़ी चुनौती' है। चीन के साथ ये चुनौती आगे भी रहेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए यह बात कही। 

पाकिस्तान को बताया दूसरी बड़ी चुनौती

सीडीएस ने पाकिस्तान द्वारा छेड़े गए प्रॉक्सी वॉर को भारत के लिए 'दूसरी बड़ी चुनौती' बताया और कहा कि किसी देश के सामने चुनौतियां क्षणिक नहीं होतीं, बल्कि विभिन्न रूपों में मौजूद होती हैं।

चीन के साथ सीमा विवाद सबसे बड़ी चुनौती

जनरल अनिल चौहान ने कहा, 'मेरा मानना ​​है कि चीन के साथ सीमा विवाद भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती है और आगे भी रहेगी। दूसरी बड़ी चुनौती भारत के खिलाफ पाकिस्तान का छद्म युद्ध है, जिसमें 'भारत को हजारों घाव देकर खून बहाने' की रणनीति अपनाई गई है।'

क्षेत्रीय अस्थिरता भी चिंता का विषय

जनरल चौहान ने क्षेत्रीय अस्थिरता को भी चिंता का विषय बताया और कहा कि भारत के सभी पड़ोसी देश सामाजिक, राजनीतिक या आर्थिक अशांति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक और चुनौती यह है कि युद्ध के क्षेत्र बदल गए हैं - अब इसमें साइबर और अंतरिक्ष भी शामिल हैं। 

दोनों प्रतिद्वंद्वी के पास परमाणु शक्तियां

सीडीएस ने कहा, 'हमारे दोनों प्रतिद्वंद्वी (पाकिस्तान और चीन) परमाणु शक्तियां हैं और यह तय करना हमेशा एक चुनौती बनी रहेगी कि हम उनके खिलाफ किस तरह की कार्रवाई करना चाहते हैं।'

गोरखपुर में थे सीडीएस चौहान

बता दें कि सीडीएस चौहान महंत दिग्विजयनाथ महाराज और महंत अवैद्यनाथ महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित वार्षिक व्याख्यानमाला में शामिल होने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उन्होंने 'भारत के समक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियां' विषय पर आयोजित एक सत्र को संबोधित किया। 

Latest India News